Sunday, July 7, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » शस्त्र बनाने की फैक्ट्री का पुलिस ने किया भंडाफोड़

शस्त्र बनाने की फैक्ट्री का पुलिस ने किया भंडाफोड़

फिरोजाबादः जन सामना संवाददाता। अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दूसरे दिन ही जनपद पुलिस ने अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से छह बने हुए तमंचे, कारतूस और अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपी आगामी लोकसभा चुनाव के लिए इन तमंचों को तैयार कर रहे थे।
एसपी ग्रामीण रणविजय सिंह ने बताया कि थाना एका क्षेत्र में बड़े स्तर पर अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री के संचालित होने की जानकारी मिलने पर एसओजी और थाना एका पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। टीम ने नगला नहर में संचालित हो रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री पर छापामार कार्रवाई की। जहां आरोपी पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने चार आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। मौके से पुलिस को छह तमंचे, कारतूस और मोबाइल समेत अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम पूरन शर्मा पुत्र नाथूराम निवासी चन्द्रनगर थाना एत्मादौला आगरा, सुभाष चन्द्र पुत्र मौजीराम लोधी निवासी मोहनीपुर थाना शिकोहाबाद, श्याम यादव पुत्र रामनाथ यादव निवासी नगला नाहर थाना एका और रामनाथ यादव पुत्र स्व. गीतम सिंह यादव निवासी नगला नाहर थाना एका फिरोजाबाद बताया। पूछताछ में आरोपी प्रमोद ने पुलिस को बताया कि वह अपने पिता रामनाथ और छोटे भाई श्याम की मदद से अपने ट्यूबवैल पर अवैध असलाह तैयार कराता है। इन असलाहों की बिक्री सुभाषचंद्र द्वारा आसपास के जिलों में की जाती थी। एक तमंचे को वह छह हजार रुपये में बेचते थे, जबकि इसकी लागत 1500 से दो हजार आती थी।