Thursday, May 16, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » भाकियू अराजनैतिक के कार्यकर्ताओं ने किया निगम कार्यालय पर प्रदर्शन

भाकियू अराजनैतिक के कार्यकर्ताओं ने किया निगम कार्यालय पर प्रदर्शन

मथुरा (श्याम बिहारी भार्गव )। भाकियू अराजनैतिक के कार्यकर्ताओं ने महानगर की समस्याओं को लेकर नगर निगम कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष पवन चतुर्वेदी के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने महानगर की समस्याओं से नगर आयुक्त को अवगत कराने की बात रखी। नगर आयुक्त के मौके पर नहीं पहुंचने से नाराज प्रदर्शनकारियों ने ऐलान कर दिया कि अगर नगर आयुक्त मौके पर आकर उनकी समस्या नहीं सुनते हैं तो वह नगर निगम कार्यालय में तालाबंदी कर देंगे। किसान संगठन के प्रदर्शन की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और किसान नेताओं को मनाने का प्रयास किया लेकिन कार्यकर्ता इसी बात पर अड़े रहे कि नगर आयुक्त को ही वह अपनी समस्या बताएंगे। इसके बाद नगर आयुक्त शशांक चौधरी मौके पर पहुंचे और किसान संगठन के कार्यकर्ताओं की बात सुनी। इसके बाद प्रदर्शन को स्थगित कर दिया गया।
महानगर अध्यक्ष पवन चतुर्वेदी ने बताया कि नगर निगम से जुड़ी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अधिकारी पीड़ितों की बातों को अनसुना कर रहे हैं। यहां तक कि कई बार पीड़ितों की बात सुनने तक तैयार नहीं होते हैं। हमने नगर आयुक्त के सामने सभी समस्याओं को उठाया है। नगर आयुक्त की ओर से आश्वासन दिया गया है कि उनकी समस्याओं का समाधान होगा। इन सभी समस्याओं का समाधान एक हफ्ते में नहीं हुआ तो भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक कार्यकर्ता गाय भैंस बकरी के साथ मथुरा वृंदावन नगर निगम में अनिश्चितकालीन आंदोलन करेंगे जिसकी सारी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी। महानगर संयोजक विजय सिंघल, महिला जिला अध्यक्ष मीना ठाकुर, महानगर अध्यक्ष पवन चतुर्वेदी, राजवीर सिंह, नेता दिनेश आनंद पापे, करन पाठक, मुजाहिद कुरैशी, नरेश चौधरी, मुजाहिद कुरैशी, फैजान कुरैशी, तनवीर कुरेशी, असलम कुरैशी, शैलेंद्र मिश्रा, चिरागुद्दीन कुरैशी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।