Saturday, May 18, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » महापौर ने एक करोड़ 64 लाख के निर्माण कार्यो का किया शुभारम्भ

महापौर ने एक करोड़ 64 लाख के निर्माण कार्यो का किया शुभारम्भ

फिरोजाबाद। नगर निगम द्वारा शहर में एन कैंप योजना के अंतर्गत विकास कार्य कराएं जा रहे है। इसी क्रम में गुरूवार को महापौर ने नगर विधायक संग लगभग एक करोड़ 64 लाख रू. के निर्माण कार्यो का भूमि पूजन कर शुभारम्भ किया। महापौर कामिनी राठौर ने वार्ड नं. 21 एवं 22 की नालियों की जल निकासी के निस्तारण हेतु सदर विधायक मनीष असीजा, भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार के साथ संयुक्त प्रयासों से आसफाबाद बिजलीघर के पास सर्विस रोड के जल भराव की समस्या के स्थाई समाधान हेतु 15 वें वित्त आयोग के अंतर्गत सम्बेल निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर शुभारम्भ किया। यह निर्माण कार्य लगभग 53 लाख रू. की धनराशि से कराया जायेगा। इसके बाद एन-कैप योजना के अंतर्गत लगभग 111.19 लाख रु. की धनराशि से वार्ड नं. 17 मायापुरी में आरसीसी नाली, हॉटमिक्स से सड़क निर्माण व्हाइट पट्टी एवं ट्री गार्ड के साथ वृक्षारोपण व सत्य नगर की पुलिया से दखल की पुलिया तक दोनों और पैरावॉल का निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर शुभारम्भ किया। महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री व नगर विकास मंत्री की प्रेरणा से शहर की समस्त कच्ची गलियों एवं रास्तों का निर्माण कर आवागमन की सुविधा को सुगम बनाना मेरी प्राथमिकता है। साथ ही कहा कि शासन से प्राप्त धनराशि का उपयोग जनहित के कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता के साथ कराया जायेगा। इस दौरान महानगर उपाध्यक्ष रामनरेश कटारा, सत्यवीर गुप्ता, रवीन्द्र शर्मा, अजब सिंह शंखवार, हरिओम वर्मा, संतोष राठौर, प्रमोद राजौरिया, आशीष दिवाकर, ऊषा देवी, अनिल शंखवार, रामगोपाल यादव, देवेन्द्र राजपूत, अभदेश बाल्मीकी, सतेन्द्र, डीपी सिह राठौर, संजय शर्मा, हरीशंकर राठौर आदि मौजूद रहे।