Thursday, April 25, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बारिश के पानी ने खोली पालिका प्र्रशासन की पोल

बारिश के पानी ने खोली पालिका प्र्रशासन की पोल

15 मिनट के पानी से जलमग्न हुई गलियां, घरों में घुसा पानी
टूंडला, जन सामना संवाददाता। मंगलवार शाम को हुई बारिश से नगर की गलियां पानी-पानी हो गईं। लोगों के घरों में बरसात का पानी भर गया। इसके चलते लोगों का काफी नुकसान भी हो गया। 15 मिनट की बरसात ने पालिका प्रशासन की पोल खोल कर रख दी।
सुबह से उमस भरी गर्मी से लोगों का हाल बेहाल हो रहा था। दोपहर बाद अचानक आसमान में बादलों की काली घटा घिर आई। ठंडी हवाआं ने लोगों को राहत दी। उसके कुछ समय बाद ही झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब 15 मिनट तक लगातार बारिश होती रही। 15 मिनट की बारिश ने शहर को जलमग्न कर दिया। नगर के वार्ड नंबर दो की तेल मिल रोड, नई बस्ती में पानी भर गया तो शिवपुरी काॅलोनी में भी जलभराव के हालात पैदा हो गए।। लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। तेल मिल रोड में मकानों में पानी भर जाने के कारण लोगों की गृहस्थी का सामान खराब हो गया। लोगों का कहना है कि पालिका प्रशासन द्वारा गंदे पानी की निकासी के उचित प्रबंध नहीं किए गए हैं। नालियों में सिल्ट जमा होने के कारण बरसात का पानी नहीं निकल पा रहा है। जरा सी बरसात होने पर पूरा मुहल्ला पानी-पानी हो जाता है। इसके चलते काफी परेशानियों का सामना करना पडता है। वहीं नगर के शिवपुरी काॅलोनी, सविता नगर और सरस्वती नगर के लोगों का कहना है कि नालियों की सफाई के नाम पर पालिका प्रशासन केवल खानापूर्ति करता है। सडकें काफी ऊंची हो गई हैं जबकि गलियों के मार्ग नीचे चले गए हैं। इससे बरसात का पानी आसानी से नहीं निकल पाता।