Thursday, May 2, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बॉक्सर बिजेंद्र सिंह की एंट्री से हाईप्रोफाइल हुई मथुरा लोकसभा सीट

बॉक्सर बिजेंद्र सिंह की एंट्री से हाईप्रोफाइल हुई मथुरा लोकसभा सीट

♦ अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर विजेंदर सिंह को कांग्रेस ने उतारा मैदान में
♦ भाजपा ने अभिनेत्री हेमा मालिनी, बसपा ने कमलकांत उपमन्यु को बनाया है प्रत्याशी
मथुरा: श्याम बिहारी भार्गव। कान्हा की नगरी में चुनावी माहौल यकायक गर्मा गया है और चुनावी चकल्लस में गर्माहट सी आ गई है। इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ता जोश में हैं। राजनीति के अखाड़े में बॉलीवुड और खेल जगत के ग्लैमर के बीच टक्कर ने कान्हा की नगरी में चुनावी दंगल को रोचक बना दिया है। लोकसभा सीट मथुरा वीवीआईपी हो गई है और प्रदेशभर की नजरें अब इस सीट पर हैं। शनिवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवान सिंह वर्मा ने सबसे पहले सोशल मीडिया पर पार्टी के बडे नेताओं के साथ वार्ता का फोटो शेयर कर इस बात को जाहिर किया कि बॉक्सर बिजेन्द्र सिंह मथुरा लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी होंगे। इसके बाद बिजेन्द्र सिंह के मथुरा से चुनाव लडने की बात ट्रेड करने लगी। सायं तक पार्टी नेताओं की तरफ से यह साफ कर दिया गया कि बॉक्सर बिजेन्द्र सिंह ही मथुरा से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी होंगे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे से हुई मुलाकात के बाद कांग्रेस जिला अध्यक्ष चौधरी भगवान सिंह वर्मा ने बताया कि बॉक्सर चौधरी विजेंद्र सिंह लोकसभा के लिए होंगे। विजेंद्र सिंह बेनीवाल जाट है। मथुरा लोकसभा क्षेत्र में बेनीवाल बड़ी संख्या में है। लम्बे इंतजार के बाद कांग्रेस ने अपने पत्ते खोल दिये हैं।
एनडीए गठबंधन की ओर से भाजपा ने लगातार तीसरी बार बॉलीवुड अभिनेत्री हेमा मालिनी पर ही विश्वास जताया है। इंडिया गठबंधन में मथुरा लोकसभा सीट कांग्रेस के खाते में आई है। विजेंद्र सिंह ने पिछली बार दिल्ली से लोकसभा चुनाव भी लड़ा था। जाट बाहुल्य सीट पर कांग्रेस ने जाट कार्ड खेल कर इस चुनाव में कांग्रेस ने सभी को चौंका दिया है। यहां दो बार की सांसद हेमा मालिनी से बॉक्सर विजेंदर सिंह की सीधी टक्कर होगी। बसपा ने कमलकांत उपमन्यु को अपना प्रत्याशी बनाया है। मथुरा लोकसभा सीट पर दूसरे चरण यानी 26 अप्रैल को वोटिंग होगी। चुनाव के नतीजे चार जून को आ जाएंगे।
मथुरा लोकसभा सीट एक नजर में
लोकसभा चुनाव 2019 के मुकाबले इस बार 207090 अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। वहीं 26481 यंग मतदाता को अपने वोटिंग अधिकार का प्रयोग करने का मौका मिलेगा। लोकसभा चुनाव के लिए जनपद में कुल 2128 पोलिंग स्टेशनों की व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में इस बार कुल वोटर 1926411 हैं, जिसमें सीनियर सिटीजन 14973, यंग वोटर 26481, पीडब्ल्यूडी वोटर 14053, पुरुष वोटर 1030608, महिला वोटर 895738 तथा थर्ड जेंडर वोटर 65 है। वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव के लिए जनपद मथुरा में कुल 1104 मतदान केन्द्र बनाये गये थे। 2014 मतदेय स्थल थे। 1719321 मतदाता थे, इनमें 975843 पुरुष तथा 823276 महिला मतदाता तथा 202 अन्य मतदाता थे। वहीं वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में 104 थर्ड जेंडर मतदाता भी शामिल थे। इससे पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 135 थी।