Monday, May 6, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बागपत में गरजे योगी आदित्यनाथः किसानों को नजरअंदाज कर, नहीं कर पायेगा कोई राजनीति

बागपत में गरजे योगी आदित्यनाथः किसानों को नजरअंदाज कर, नहीं कर पायेगा कोई राजनीति

» केन्द्र सरकार ने चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देकर किसानो का किया सम्मानः योगी
» 60 साल तक देश की सत्ता में रहने वाले अब दे रहे गरीबी दूर करने का नाराः मुख्यमंत्री
» चौधरी साहब की विरासत बचाने को डॉ सांगवान को जिताना जरूरीः जयन्त
जन सामना संवाददाताः बागपत। उत्तर प्रदेश में बागपत के बडौत नगर के जनता वैदिक कॉलिज मैदान में आयोजित विजय संकल्प रैली में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, अब देश में कोई भी राजनैतिक दल किसानों की अनदेखी कर राजनीति नहीं कर पायेगा। मंगलवार शाम करीब तीन बजे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रालोद सुप्रीमो जयन्त सिंह व चारू चौधरी पहुंचे। भाजपा व रालोद की संयुक्त विजय संकल्प रैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले देश में धमाके होते रहते थे, जिसमें लोग भयभीत रहते थे और जान भी गंवानी पड़ती थी, लेकिन अब देश में कहीं भी तेज आवाज में पटाखा फटता है तो पाकिस्तान अपनी बेगुनाही की सफाई देता हुआ नजर आता है। वहीं दूसरी और रालोद सुप्रीमो चौधरी जयन्त सिंह ने कहा कि चौधरी साहब की राजनीतिक विरासत को बचाने के लिए आरएलडी व भाजपा के संयुक्त प्रत्याशी डॉ राजकुमार सांगवान को जिताना जरूरी है।
सीएम योगी आदित्यनाथ और रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के साथ ही चारू चौधरी ने आज एक साथ मंच से वोटरों को साधा। दोनों ही जनसभा में एकसाथ पहुंचे, जबकि सीएम योगी उनके बाद जनसभा स्थल पहुंचे। जनसभा स्थल पर भारी संख्या में भाजपा व रालोद कार्यकर्ता मौजूद रहे। यहां समर्थक योगी मोदी और जयंत चौधरी जिंदाबाद के नारे लगाते हुए दिखे। बागपत लोकसभा सीट से रालोद प्रत्याशी डॉ राजकुमार सांगवान भी मंच पर मौजूद रहे। इस दौरान सभी ने एनडीए समर्थित प्रत्याशी डॉ राजकुमार सांगवान के पक्ष में वोट मांगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह ने जिन मूल्यों और आदर्शाे के लिए राजनीति की थी, वे अब धरातल पर नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देकर किसानों का सम्मान किया गया। अब किसानों को नजरअंदाज कर कोई राजनीति नहीं कर पाएगा। उन्होंने कहा कि राज्यों में एक दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले लोकसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन कर एक मंच पर आ गये हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में देश में सरिया कानून लाने की तैयारी है, जो तालिबानी शासन लागू करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि साठ साल तक देश की सत्ता में रहने वाले अब गरीबी दूर करने का नारा दे रहे हैं। सपा ने अपने परिवार वालों को टिकट बांट दिये। उन्होंने कहा कि देश में धमाके होने बंद हो गये हैं। वहीं चौधरी जयन्त सिंह एवं चारू चौधरी ने अपने संयुक्त बयान में मंच से आहवाहन किया कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी की राजनीतिक विरासत को बचाने के लिए एनडीए प्रत्याशी डॉ राजकुमार सांगवान को जिताना जरूरी है। हमारा दल किसी जात-पात व विशेष समाज की बात नहीं करता। हमें सभी वर्गाे एवं जातियों को साथ लेकर चलना है। इसीलिए एनडीए का नारा है सबका साथ सबका विकास। वहीं उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के बीच आपसी फूट है, जो स्वयं एकजुट नहीं है वो देश का क्या भला कर सकते है। इस दौरान विधायक डॉ अजय कुमार, मदन भैया, राज्यमंत्री केपी मलिक, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं रालोद जिलाध्यक्ष आदि सैकडो कार्यकर्ता मौजूद रहे।