Monday, May 20, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » समय के साथ रायबरेली की जनता से गांधी परिवार का रिश्ता पहले से भी ज्यादा मजबूत हुआ हैः प्रियंका गांधी

समय के साथ रायबरेली की जनता से गांधी परिवार का रिश्ता पहले से भी ज्यादा मजबूत हुआ हैः प्रियंका गांधी

पवन कुमार गुप्ताः रायबरेली। चाहे स्वतंत्रता आंदोलन हो या स्वतंत्रता के बाद का समय, रायबरेली की जागरूक जनता ने हमेशा आगे बढ़कर नेतृत्व किया है और देश को रास्ता दिखाया है। आज लोकतंत्र और संविधान बचाने की लड़ाई में रायबरेली फिर से कमर कसकर तैयार है। उक्त बातें कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने रायबरेली ज़िले के अंदर चुनावी जनसंपर्क के दौरान कही। आज के जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत प्रियंका गांधी ने सबसे पहले जिले महराजगंज क्षेत्र में थुलवासा और महाराजगंज कस्बा में अपनी बहनों और भाइयों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि रायबरेली की जनता ने भैया राहुल गांधी को जिताने का फैसला कर लिया है,अब बस औपचारिक ऐलान बाकी है। रायबरेली के लाही बॉर्डर और भवानीगढ़ के परिजनों से आत्मीय मुलाकात और संवाद किया। उन्होंने रायबरेली के हलोर और कुसुड़ी सागर में के भी लोगों से और कार्यकर्ताओं एवं ग्रामसभा के परिजनों से मुलाकात की और आत्मीय संवाद किया। इस मुलाकात और संवाद के दौरान कांग्रेस महासचिव ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि रायबरेली परिवार से कांग्रेस का सौ साल पुराना संघर्ष और स्नेह का नाता है। जब स्वतंत्रता आंदोलन चल रहा था, उसी दौरान पंडित मोतीलाल नेहरू जी और जवाहरलाल नेहरू जी रायबरेली के किसान आंदोलन से जुड़े थे, तब से आजतक यह रिश्ता कायम है और समय के साथ यह रिश्ता पहले से भी ज़्यादा मजबूत हुआ है। यहां के लोगों के बीच गजब का उत्साह है। रायबरेली अब राहुल मय हो चुकी है।
अवगत हो कि 03 मई को अमेठी से पूर्व सांसद प्रतिनिधि के एल शर्मा और रायबरेली जिले से भाई राहुल गांधी का नामांकन दाखिल कराने के पश्चात कार्यकर्ताओं को बैठक को संबोधित करके अन्य राज्य एवं जनपदों में चुनावी रैलियां करने के उद्देश्य से प्रियंका गांधी जा चुकी थी। उसके बाद पुनः वह 06 मई को रायबरेली जनपद में एक सप्ताह के प्रवास के लिए आई है और इस दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी जिले की जनता से राहुल गांधी के पक्ष में वोट करने की अपील कर रही हैं। ताबड़तोड़ जनसभा,नुक्कड़ सभा और लोगों से मिलकर संवाद भी कर रही हैं। जिले के अंदर विभिन्न क्षेत्रों में देर रात तक कांग्रेस महासचिव नुकड़ सभा कर रही हैं। इसी क्रम में गूढ़ा, तिलेंडा, बछरावाँ और राजामऊ में नुक्कड़ सभाओं को भी उन्होंने संबोधित किया। उन्होंने संवाद करते हुए कहा कि अपनी प्यारी बहनों और भाइयों से मिलकर उन्हें नई ऊर्जा महसूस हुई। रायबरेली परिवार से मिल रहा प्यार और समर्थन उनके लिए अनमोल है। कांग्रेस महासचिव ने जनसभा करने के दौरान नागरिकों को याद दिलाया कि आज नौजवान बेरोजगार है, महंगाई चरम पर, शिक्षा और स्वास्थ्य की कहीं बात नहीं हो रही है। परंतु कांग्रेस की सरकार बनने के बाद इन सब समस्याओं से निजात मिल जायेगी।