Thursday, April 25, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » छेड़खानी के आरोप में युवक की गोली मारकर हत्या

छेड़खानी के आरोप में युवक की गोली मारकर हत्या

फिरोजाबाद, जन सामना संवाददाता। छेडछाड के आरोप में आरोपियों ने युवक को मौत की सजा दी। शौच करने जाते समय हमलावरों ने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद से ही आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि आरोपी के परिजन स्वयं ही गोली मारने की बात कह रहे हैं। मामले को लेकर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
एक दिन पहले हुआ था झगड़ा
शिकोहाबाद के झमझमपुर निवासी 26 वर्षीय विजय यादव पुत्र पूरन सिंह पर गांव के ही दूसरे पक्ष के अरमान पुत्र जलाल, छिंगा पुत्र हुंडी लाल और अशोक कुमार ने अपने परिवार की महिला के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाकर कहासुनी की थी। बुधवार की शाम को दोनों पक्षों में मारपीट तक हो गई थी। गांव के लोगों ने दोनों पक्षों को शांत करा दिया था।
शौच को जाते समय मारी गोली
आरोप है कि गुरूवार सुबह विजय यादव शौच के लिए खेतों की ओर जा रहा था। तभी पहले से घात लगाकर बैठे तीनों आरोपियों ने उसके ऊपर गोली चला दी। गोली विजय के सीने में लगी और वह गिर पड़ा। चीख पुकार और गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े और घायल विजय को पहले शिकोहाबाद अस्पताल लाए। यहां से जिला अस्पताल लाने पर गंभीर हाल में आगरा रेफर कर दिया।
आगरा में उपचार के दौरान मौत
आगरा में उपचार के दौरान विजय ने दम तोड़ दिया। हत्या की सूचना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया। वहीं परिजनों ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की तहरीर थाना शिकोहाबाद पुलिस को दी है। मामले में एसएसपी डा.मनोज कुमार ने खुद मौके पर पहुंचकर एसपी देहात महेंद्र सिंह, एसओ ऊदल सिंह से जानकारी ली और हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को दबोचने के आदेश दिए। फिलहाल पुलिस गोलीकांड की हकीकत जानने का प्रयास कर ही है वहीं आरोपी गांव से फरार हो गए हैं। शव को आगरा से पीएम के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। इस मामले में एसपी देहात महेन्द्र सिंह का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलास कर दिया जाएगा।