Thursday, April 25, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » शादी से लौट रहे दंपति को बदमाशों ने लूटा

शादी से लौट रहे दंपति को बदमाशों ने लूटा

टूंडला के हजरतपुर गांव के निकट हुई घटना
विरोध करने पर बाइक सवार को किया घायल
टूंडला। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने बाइक सवार दंपति को निशाना बनाया। बदमाशों ने तमंचे के बल पर दंपत्ति से हजारों रूपयों की नगदी एवं आभूषण लूटे। विरोध करने पर तमंचे की बट मारकर बाइक सवार को घायल कर दिया। पीड़ित ने घटना की जानकारी टूंडला टाॅलकर्मियों को दी है।
मंगलवार की सायं थाना न्यू आगरा के कमला नगर निवासी कमल सिंह अपनी पत्नी संगीता के साथ फिरोजाबाद में शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाइक से गए थे। वह बुधवार दोपहर फिरोजाबाद से अपने घर वापस लौट रहे थे। अभी वह थाना टूंडला क्षेत्र के गांव हजरतपुर के निकट ही पहुंचे थे कि तभी पीछे से बाइक सवार बदमाशों ने उनको ओवरटेक करके रास्ते में रोक लिया। बदमाशों ने तमंचे के बल पर संगीता के गले से चेन व अंगूठी लूट ली। वहीं कमल सिंह की जेब में रखे हुए 1750 रूपये भी लूट लिए। घटना का विरोध करने पर बदमाशों ने कमल सिंह के सिर पर तमंचे की बट से प्रहार कर दिया। जिससे वह घायल हो गए। बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। पीड़िता के शोर मचाने पर राहगीर भी एकत्रित हो गए। पीड़ित ने टूंडला टोल टैक्स पर वहां के कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी। इस संदर्भ में इंस्पेक्टर ज्ञानेन्द्र कुमार का कहना है कि हमें घटना की जानकारी नहीं हुई है। मामले की जांच कराई जाएगी।