Thursday, April 25, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » खरीद केन्द्र पर परेशानियों का अंबार

खरीद केन्द्र पर परेशानियों का अंबार

रीजनल अधिकारी ने सुनी किसानों की समस्याएं
एक दिन बाद भी केन्द्र पर नहीं हो सकी गेहूं की तौल
टूंडला, जन सामना संवाददाता। नवीन मंडी परिसर में बनाए गए गेहूं खरीद केन्द्र पर किसानों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान किसानों ने रीजनल फूड अधिकारी को समस्या से अवगत कराया।
प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के गेहूं खरीद के लिए क्षेत्र में कई केन्द्र बनाए गए हैं। नवीन मंडी परिसर में भी एक केन्द्र बनाया गया है। शनिवार को खाद्य रसद विभाग के रीजनल फूड अधिकारी अशोक पाल ने केन्द्र पर गेहूं बेचने आए किसानों की समस्याएं सुनी। किसानों ने समस्याओं से अवगत कराते हुए कहा कि केन्द्र पर तौल के लिए एक कांटा और दो व्यक्तियों को लगाया गया है। इसके चलते 24 घंटे बाद भी केन्द्र पर रखे गेहूं की तौल नहीं हो सकी है। किसानों ने बताया कि केन्द्र पर गेहूं बेचने वाले किसानों की संख्या अधिक है जबकि तौल के लिए मात्र एक कांटा लगाया गया है। किसानों के लिए पानी की व्यवस्था नहीं की गई है। केन्द्र पर एक हैंडपंप धूप में लगा हुआ है। मजबूरन किसानों को धूप में खड़े होकर हैंडपंप से पानी पीना पड़ रहा है। रीजनल अधिकारी ने किसानों की समस्याओं को दूर करने का भरोसा दिलाया। वहीं किसान बही के अलावा पासबुक लेकर आने को कहा, जिससे समय से अनाज का भुगतान किया जा सके। केन्द्र प्रभारी संजय कुमार और सहायक प्रदीप कुमार ने बताया कि केन्द्र पर शनिवार तक 322 कुंतल गेहूं की खरीद हो चुकी थी।