Sunday, May 19, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » 24 घंटे में भाग निकला मुठभेड़ में पकडा गया अंतरराज्यीय चोर

24 घंटे में भाग निकला मुठभेड़ में पकडा गया अंतरराज्यीय चोर

⇒एसएसपी ने दोनों सिपाहियों को किया निलंबित
⇒जिला चिकित्सालय के बच्चा वार्ड में भर्ती था शातिर लुटेरा
मथुरा। जिला चिकित्सालय में उपचाराधीन अंतरराज्यीय चोर पुलसकर्मियों को चकमा देकर सोमवार की सुबह अस्पताल से भाग निकला। असरू पुत्र खुर्शीद निवासी जंघावली थाना शेरगढ़ को पुलिस ने एक दिन पहले मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। मुठभेड़ के दौरान असरू के पैर में गोली लगी थी। घायल अवस्था में पुलिस ने अरूफ को शनिवार को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया था। अस्पताल के बच्चा वार्ड दो नम्बर बैड पर घायल का उपचार चल रहा था। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर मुकुंद बंसल ने बताया कि आज सुबह तडके सुबह यहां से निकल कर गया है। शनिवार की शाम को भर्ती किया गया था। छाता सीएचसी से रेफर होकर आया था। पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा था। अंतरराज्यीय चोर के अस्पताल से फरार होने की सूचना पर पुलिस महकमे में अफरातफरी मच गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी शैलेष कुमार पांडेय ने अस्पताल में तैनात किए गए दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। सीओ छाता गौरव त्रिपाठी ने बताया कि असरू पुत्र खुर्शीद निवासी जंघावली, शेरगढ़ पुलिस कस्टडी से भागा है। भागे चोर को पकड़ने के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। दोनों सिपाहियों और चोर के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस, 3200 रुपये और बाइक बरामद किए थे। अभियुक्त शातिर किस्म का अपराधी है। वह पांच साल से चोरी, नकबजनी व वाहन चोरी, छिनैती की घटनाएं करने के बाद मेवात में शरण ले लेता था। हरियाणा में घटना करके मथुरा में वापस आ जाता था।
जिस दिन आरोपित को अस्पताल में भर्ती कराया गया उसी दिन इमरजेंसी वार्ड के तीनों कैमरे खराब हो गए और उन्हें ठीक कराने के लिए संबंधित को कहा गया।