Saturday, May 18, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए किसान संघर्ष समिति का गठन

आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए किसान संघर्ष समिति का गठन

⇒ वृंदावन के कालीदह क्षेत्र में खादर की जमीन को लेकर आंदोलित हैं किसान
    खादर की जमीन पर खडी फसल को जोते जाने से नाराज हैं किसान
मथुराः श्याम बिहारी भार्गव। वृंदावन में जिला प्रशासन द्वारा वन कॉरिडोर बनाने के लिए जमीन का प्रबंध किया जा रहा है। इसी प्रक्रिया में प्रशासन ने यमुना खादर की जमीन पर पीढ़ियों से खेती कर रहे किसानों को बेदखल कर दिया है। किसान प्रशासन की इस कार्यवाही का विरोध कर रहे हैं। वृंदावन परिक्रमा मार्ग स्थित कालीदह पार्क में पिछले कई दिनों से किसान अनशन पर बैठे हैं। आंदोलन को कई राजनीतिक, सामाजिक और किसान संगठन के कार्यकर्ता समर्थन देने पहुंच रहे हैं। आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए किसान संघर्ष समिति का गठन किया गया है। बुधवार को किसान सत्याग्रह का लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के जिलाध्यक्ष रमेश सैनी एवं अखिल भारतीय समता फाउंडेशन के अध्यक्ष लुकेश कुमार राही ने संयुक्त रूप से साथियों के साथ पहुंच कर किसानों का समर्थन किया। इस अवसर पर रमेश सैनी और पवन चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से कहा कि राज्य सरकार किसानों की जबरन भूमि अधिग्रहण कर अपने चहेतों को रेवड़ी बांट कर, बंदरबांट कर रही है साथ ही किसानों के साथ हुए अमानवीय अत्याचार व जबरन अधिग्रहण को गैर संवैधानिक बताकर निंदा की। किसानों को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
आप ने दिया आंदोलन को समर्थन
आम आदमी पार्टी ने किसान आंदोलन को समर्थन दिया है। पूर्व जिला अध्यक्ष रवि प्रकाश भारद्वाज ने वृंदावन कालीदह क्षेत्र में जारी प्रशासन द्वारा उजाड़े गए किसानों के धरने का पुरजोर समर्थन किया तथा आंदोलनकारी किसानों आश्वस्त कराया कि आम आदमी पार्टी किसानों के संघर्ष का समर्थन करती है तथा किसानों के साथ है। किसानों की जमीनों को हड़प लिया गया है। किसानों पर मुकदमा दर्ज कराए गए हैं। किसान 70 वर्षों से जमीनों पर काबिज थे।