Saturday, September 21, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » भारतवर्ष के युवाओं के पैरों में गति, हृदय में राष्ट्रभक्ति और मस्तिष्क में मति है- श्रीकृष्ण जी

भारतवर्ष के युवाओं के पैरों में गति, हृदय में राष्ट्रभक्ति और मस्तिष्क में मति है- श्रीकृष्ण जी

फिरोजाबाद। रविवार को अटल पार्क में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के उपलक्ष्य में महाविद्यालयीय एकत्रीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न प्रकार के खेल कराए गए। जिसमें डिग्री काॅलेज के लगभग 800 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। गो-सेवा और समाजसेवा के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसएसपी आशीष तिवारी, लक्ष्मी फाउंडेशन के सचिव रोहित सिकरवार, श्रेयांश अग्रवाल और मुख्य वक्ता श्रीकृष्ण चंद्र ने संयुक्त रूप से सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। एसएसपी ने कहा कि लक्ष्य निर्धारण करने के बाद युवाओं को अपना लक्ष्य नहीं बदलना चाहिए और पूरी जी जान से अपने लक्ष्य प्राप्ति के प्रयास करने चाहिए। जब तक जीवन का लक्ष्य नहीं होगा, तब तक युवा आगे नहीं बढ़ सकेंगे। उन्होंने राष्ट्र उत्थान के लिए कार्य करने के लिए युवाओं को प्रेरित किया। मुख्य वक्ता श्रीकृष्ण ने कहा कि कोलंबस ने अमेरिका में एक चैरिटी का गठन किया था, जिसमें सभी धर्मो के लोगों को बुलाया गया था। उसमें स्वामी विवेकानंद ने पहुंचकर अंग्रेजों को आईना दिखाया और देश का नाम रोशन किया। उन्होंने सुभाष चंद्र बोस के जीवन पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने सुभाष चंद्र बोस के जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की। इस दौरान आरएसएस द्वारा रस्सा कसी, टैंक युद्ध, रस्सी कूद, खो-खो, किसान-लोमड़ी जैसे विभिन्न खेलों का आयोजन किया। वहीं कार्यक्रम में महापुरुषों की प्रदर्शनी लगाई गई। संघ के सेवा कार्यो के बारे में बताया गया। हिंदी साहित्य की स्टॉल लगाई गईं। कार्यक्रम का संचालन महानगर कार्यवाह गौरव जी ने किया। इस मौके पर विभाग प्रचारक प्रमोद जी, महानगर प्रचारक धर्मेन्द्र प्रेमी जी, महानगर संघचालक डॉ रमाशंकर सिंह, महानगर विद्यार्थी प्रमुख जितेन्द्र, गौरव सविता, अमित गुप्ता समाजसेवी, ब्रजेश यादव, रमाकांत उपाध्याय, अभिषेक शर्मा, रामकुमार, अतुल यादव, महानगर प्रचार प्रमुख ललित सक्सेना आदि मौजूद रहे।