Tuesday, May 7, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » उद्योंगो को बढ़ावा देने के लिए सरकार सजग-कैबिनेट मंत्री

उद्योंगो को बढ़ावा देने के लिए सरकार सजग-कैबिनेट मंत्री

फिरोजाबाद। नगर के पी.डी जैन इंटर कॉलेज में आयोजित फिरोजाबाद महोत्सव में इन्वेस्टर्स समिट कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्र उद्योग राकेश सचान ने दीप प्रज्जवलन कर किया।
कैबिनेट मंत्री ने उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यह भारत की सकल घरेलू उत्पादन में 8 प्रतिशत का योगदान देता है। उन्होंने कहा कि फिरोजाबाद एम.एस.एम.ई का हब है। यहां पर सूक्ष्म व लघु एवं कुटीर उद्योग व्यापक स्तर पर होते हैं। यहां महिलाएं अपने-अपने घरों में कुटीर उद्योग के माध्यम से जीडीपी में अपना योगदान प्रदान करती हैं। इसके साथ ही जनपद फिरोजाबाद की भौगोलिक स्थिति बहुत अच्छी है। यह हावड़ा रूट पर हाईवे, एक्सप्रेसवे, रेल तथा आगरा के माध्यम से हवाई सेवाओं से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि फिरोजाबाद आगरा से लगा हुआ महत्वपूर्ण जनपद है। आगरा के ताजमहल व किला को देखने दुनियाभर से लोग आते हैं। उस आधार पर फिरोजाबाद का पार्यटन के क्षेत्र में भी बड़ी संभावनाएं समेटे हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री की परिकल्पना के अनुसार ग्लोबल इन्वेस्टर समिति की तैयारियों के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि प्रदेश के नौजवानों के लिए रोजगार मुहैया कराने एवं उत्तर प्रदेश को आर्थिक समृद्धि बनाने के लिए यह एक ऐतिहासिक कार्य होने जा रहा है। इसकी व्यापक सफलता के लिए मुख्यमंत्री जी देश के प्रमुख शहरों में पहुंचकर इन्वेस्टरस को स्वयं इनवाइट कर रहे हैं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने जिलाधिकारी रवि रंजन के प्रयासों से तैयार किया गया फिरोजाबाद ग्लास लोगो का विमोचन किया। जो फिरोजाबाद के उत्पादों को एक नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार के वन डिस्टिक वन प्रोडक्ट की सराहना करते हुए कहा कि इस मॉडल को भारत सरकार अब पूरे देश में लागू करने जा रही है। इसके लिए भारत सरकार के बजट में इसका प्रावधान किया गया है। उन्होंने उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि अब उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इसके लिए प्रदेश सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार ने उद्यमियों त्वरित गति से समस्याओं के समाधान के लिए निवेश सार्थी पोर्टल तैयार किया गया है। जिस पर उद्यमियों की समस्याओं को निस्तारित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सदर विधायक मनीष असीजा एवं टूंडला विधायक ने अपने संबोधन में जनपद के उद्यमियों की टीटी जेड की उद्योग विस्तार में आ रही समस्या से मंत्री जी को अवगत कराया। जिस पर मंत्री जी ने भरोसा दिया कि वह मुख्यमंत्री जी के संज्ञान में लाकर जल्द समस्या का समाधान कराएंगे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी रवि रंजन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, नगर आयुक्त घनश्याम मीणा, महाप्रबंधक उद्योग व प्रशासनिक अधिकारी के अलावा विधायक सदर मनीष असीजा, विधायक टूंडला प्रेमपाल घनगर, सांसद प्रतिनिधि ललित मोहन, जिलाध्यक्ष वृंदावन लाल गुप्ता, महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार, प्रमुख उद्यमी इंजीनियर राजकुमार शर्मा, प्रदीप मित्तल पम्मी, हेमंत अग्रवाल बल्लू, पारसा, राजीव अग्रवाल, ग्लास सिंडिकेट अध्यक्ष हनुमान प्रसाद गर्ग के अलावा प्रदीप भारद्वाज आदि मौजूद रहे।