Monday, October 26, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » हिस्ट्रीशीटर से पुलिस की मुठभेड, पैर में लगी गोली

हिस्ट्रीशीटर से पुलिस की मुठभेड, पैर में लगी गोली

फिरोजाबाद। थाना नागला खंगर क्षेत्र में चौथ वसूली के मामले में फरार चल रहे आरोपी से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जिसमें पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हुआ है। आरोपी पर एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि थाना नगला खंगर पर हिस्ट्रीशीटर राहुल उर्फ कन्हैया पुत्र सियाराम यादव निवासी नगला धनपाल थाना नगला खंगर के विरुद्ध चौथ वसूली के मामले में कई मुकदमे पंजीकृत हैं। पुलिस की तीन टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। शनिवार रात मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि चौथ वसूली का आरोपी गांव गढ़िया पंचवटी अंडरपास लखनऊ एक्सप्रेसवे से गुजरने वाला है। तभी पुलिस ने वहां पर चेकिंग शुरू कर दी। सिरसागंज की ओर से एक संदिग्ध एक मोटरसाइकिल पर आता हुआ नजर आया। जिसे पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो पुलिस को देखकर आरोपी हड़बड़ाहट में मोटरसाइकिल को मोड़कर भागने की कोशिश करने लगा। लेकिन तभी उसकी बाइक फिसल गई। पुलिस को अपनी ओर आता देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद हुए हैं। आरोपी के विरुद्ध थाना नगला खंगर और सिरसागंज में 16 मुकदमे पंजीकृत हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में इंस्पेक्टर गिरीश कुमार, उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।