फिरोजाबाद। रसूलपुर थाना क्षेत्र के नगला बरी में शनिवार शाम बिजली के सामान के कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। गोदाम से धुआं उठता देख आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। आग इतनी विकराल थी कि दमकल की तीन गाड़ियों के मौके पर पहुंचने के बाद भी करीब चार घंटे तक आग बुझाने का प्रयास जारी रहा। आग से गोदाम में रखे लाखों रुपये के कबाड़ के जलने की आशंका है। जानकारी के अनुसार, नगला बरी क्षेत्र में जुल्फिकार अली और फुरकान अली का कबाड़ गोदाम है। इसमें बिजली के उपकरणों और लाइट से संबंधित कबाड़ रखा हुआ था। शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे गोदाम से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते धुआं बढ़ने लगा और गोदाम के अंदर आग फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें तेज होने के कारण सफलता नहीं मिली। सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। गोदाम का शटर बंद होने के कारण दमकल कर्मियों ने उसे तोड़कर अंदर पहुंचने का रास्ता बनाया। इसके बाद आग बुझाने का काम शुरू किया गया। आग की तीव्रता और गोदाम में बड़ी मात्रा में कबाड़ रखे होने के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। तीन दमकल गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी रहीं, लेकिन करीब चार घंटे बाद भी आग पूरी तरह नहीं बुझ सकी थी। गोदाम में बिजली के उपकरणों और लाइट से संबंधित कबाड़ रखा होने के कारण बड़े नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने और गोदाम की जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी रही।
Jansaamna