फिरोजाबाद। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित मतदाता विशेष कैंपों का निरीक्षण कर फॉर्म-6, 7 और 8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों तथा दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय सैलई में बूथ संख्या 219 से 222 तक तथा राजकीय अनुसूचित जाति बालक छात्रावास, सैलई में बूथ संख्या 223 से 230 तक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक, विशेषकर युवा मतदाता, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। प्रत्येक आवेदक को नियमानुसार आवेदन करने और आवश्यक प्रपत्र जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा जिलाधिकारी ने तिलक इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 1 और 2 तथा डीएवी इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 13 से 18 तक का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने और 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं का अलग से डाटा तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही मतदाताओं के नाम आसानी से खोजने के लिए बीएलओ रजिस्टर को वर्णमाला के क्रम में व्यवस्थित रखने को कहा। जिलाधिकारी ने निर्वाचन संबंधी सभी कार्यों को पूरी निष्ठा, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से संबंधित पात्र नागरिकों के आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
Home » मुख्य समाचार » कोई भी पात्र नागरिक, विशेषकर युवा मतदाता, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे : डीएम
Jansaamna