Monday, October 26, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » प्रयागराज में सेवा सम्पूर्ति सम्मान एवं प्रोन्नति अभिनंदन समारोह संपन्न

प्रयागराज में सेवा सम्पूर्ति सम्मान एवं प्रोन्नति अभिनंदन समारोह संपन्न

प्रयागराज। फाफामऊ स्थित विनीता हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड के मंगलम् सभागार में रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को सेवा सम्पूर्ति सम्मान एवं प्रोन्नति अभिनंदन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में न्यायिक, शैक्षिक एवं प्रशासनिक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सेवाएं देने वाले विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। वहीं, प्रोन्नति प्राप्त अधिकारियों का अभिनंदन कर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान विश्वकर्मा के पूजन, मां सरस्वती की वंदना, माल्यार्पण एवं पुष्पार्पण के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का माल्यार्पण एवं बैज अलंकरण कर स्वागत किया गया। सम्मानित व्यक्तित्वों को स्मृति चिह्न और अभिनंदन-पत्र प्रदान किए गए। विनीता हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक डॉ. बिंदू विश्वकर्मा ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। उन्होंने अध्यक्ष, मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत करते हुए समारोह के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद लालता प्रसाद विश्वकर्मा, प्रोफेसर संजय प्रसाद शर्मा, प्रोफेसर सुनील कुमार विश्वकर्मा, आर.एल. विश्वकर्मा, वेदप्रकाश शर्मा तथा राममूरत विश्वकर्मा ने अतिथियों का परिचय प्रस्तुत किया।

समारोह की अध्यक्षता इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मध्यकालीन इतिहास विभाग के पूर्व अध्यक्ष एवं आचार्य प्रोफेसर (डॉ.) पन्नालाल विश्वकर्मा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग के पूर्व अध्यक्ष एवं आचार्य प्रोफेसर (डॉ.) उमाकांत यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सुभाष चंद्र शर्मा तथा प्रयागराज मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक (माध्यमिक शिक्षा) राम नारायण विश्वकर्मा को सेवा सम्पूर्ति सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर उनके सेवाकाल के दौरान किए गए कार्यों और न्यायिक एवं शैक्षिक प्रशासन के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि सेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा सार्वजनिक जीवन के महत्वपूर्ण मूल्य हैं। लंबे समय तक निष्ठापूर्वक दायित्वों का निर्वहन करना समाज के लिए प्रेरणादायक है। समारोह में संयुक्त सचिव के पद पर प्रोन्नति प्राप्त जय शंकर झा तथा नगर विकास विभाग के संयुक्त सचिव राजेश्वरी विश्वकर्मा का भी अभिनंदन किया गया। उपस्थित अतिथियों ने दोनों अधिकारियों को उनकी उपलब्धियों और नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश पुलिस के पूर्व डीआईजी राधेश्याम विश्वकर्मा, विनीता हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. बिंदू विश्वकर्मा, प्रबंध निदेशक डॉ. विनीता विश्वकर्मा, कमला मल्टीस्पेशिएलिटी हॉस्पिटल, जॉर्ज टाउन, प्रयागराज के निदेशक डॉ. सुनील विश्वकर्मा तथा प्रयागराज मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय की वित्त एवं लेखाधिकारी डॉ. कीर्ति विश्वकर्मा उपस्थित रहीं। समारोह में सेवा भावना, कर्तव्यनिष्ठा, सामाजिक उत्तरदायित्व और उपलब्धियों को सम्मानित करने की परंपरा पर विशेष जोर दिया गया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भी अपने दायित्वों के प्रति प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम का आयोजन वी-वेदान्ता ट्रस्ट एवं विनीता हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड, फाफामऊ, प्रयागराज के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजकुमार मिश्र ने किया। समापन अवसर पर विनीता हॉस्पिटल की प्रबंध निदेशक डॉ. विनीता विश्वकर्मा ने सभी सम्मानित व्यक्तित्वों, अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया और उनके भावी जीवन एवं दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सुरेश नारायण विश्वकर्मा, दूधनाथ विश्वकर्मा, कृष्णा प्रसाद विश्वकर्मा, कमलेश कुमार शर्मा, वेद प्रकाश शर्मा, राहुल विश्वकर्मा, महेंद्र विश्वकर्मा, अरविंद विश्वकर्मा, सुरेश चंद्र विश्वकर्मा, कमलेश विश्वकर्मा, आकाश विश्वकर्मा, लता विश्वकर्मा, पंकज, स्वतंत्रत, संजीव एवं हिमांशु सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति तथा विनीता हॉस्पिटल के चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।