Monday, October 26, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » डीएम ने PET-2026 परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

डीएम ने PET-2026 परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

हाथरस। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन सतर्क रहा। परीक्षा के प्रथम दिन रविवार को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने प्रथम पाली में बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल, हाथरस स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सीसीटीवी कंट्रोल रूम पहुंचे और कैमरों के माध्यम से परीक्षा कक्षों में चल रही गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने निगरानी व्यवस्था की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान सभी गतिविधियों पर सतत नजर रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता न होने पाए। डीएम ने परीक्षा केंद्र पर तैनात बायोमेट्रिक सत्यापन टीम से भी बातचीत की और अभ्यर्थियों के सत्यापन की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रत्येक परीक्षार्थी का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, जिससे परीक्षा की विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनी रहे। जिलाधिकारी ने केंद्र पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जाएं और परीक्षा संबंधी निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। डीएम सत्य प्रकाश पटेल ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।