रायबरेली। शहर में शिवाजीनगर-आईटीआई से बालापुर स्थित श्री अभयदाता जी महाराज मंदिर तक नवनिर्मित सड़क का लोकार्पण एवं मातृशक्ति सम्मान समारोह आयोजित किया गया। रविवार को आईटीआई मैदान में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक अदिति सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर सड़क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर भाजपा नगर मंत्री अनुराग सिंह गोलू की पहल पर करीब 1500 महिलाओं को साड़ी भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, क्षेत्रीय नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर विधायक अदिति सिंह का महिलाओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। भाजपा नगर मंत्री अनुराग सिंह गोलू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और युवाओं ने गंगागंज से आईटीआई मैदान तक वाहनों के काफिले के साथ उनका स्वागत किया। मंच पर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उन्हें 101 किलोग्राम की फूलों की माला पहनाकर अभिनंदन किया। इसके बाद विधायक ने महिलाओं को साड़ी भेंटकर सम्मान समारोह का शुभारंभ किया। सम्मान प्राप्त कर महिलाओं ने खुशी जाहिर की। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए सड़क निर्माण के लिए विधायक अदिति सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।
लंबे इंतजार के बाद सड़क निर्माण से लोगों को मिलेगी राहत
शिवाजीनगर-आईटीआई से बालापुर स्थित श्री अभयदाता जी महाराज मंदिर तक जाने वाला मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में था। इसके कारण स्थानीय नागरिकों और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। नगर पालिका परिषद की ओर से सड़क निर्माण कार्य पूरा कराए जाने के बाद लोकार्पण से क्षेत्रवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है। इस मार्ग का निर्माण क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग से जुड़ा हुआ है। भाजपा नगर मंत्री अनुराग सिंह गोलू ने कहा कि करवा चौथ के पावन पर्व से पहले मातृशक्ति के सम्मान में यह आयोजन किया गया। इसके तहत करीब 1500 महिलाओं को साड़ी भेंट करने की व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा कि शिवाजीनगर-बालापुर मार्ग की खराब स्थिति को देखते हुए इसके निर्माण की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। सदर विधायक अदिति सिंह के प्रयासों से सड़क निर्माण पूरा हुआ है, जिसके लिए उन्होंने विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन रणविजय सिंह ने किया। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष आशुतोष पांडेय, सदर विधानसभा संयोजक विवेक शुक्ला, सभासद अनिल रावत, रामफेर, सुरेश यादव, नरेंद्र द्विवेदी, सभासद सबिस्ता बृजेश, वीरेंद्र रावत, ज्योत्सना सोनकर, सभासद सविस्ता श्रीवास्तव, नागेंद्र बहादुर सिंह, प्रोफेसर प्रवेश नारायण सिंह और जितेंद्र सिंह सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Jansaamna