Monday, October 26, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » कुंभ से लौटते श्रद्धालुओं की कार दूसरी कार से टकराई, एक की मौत, तीन घायल

कुंभ से लौटते श्रद्धालुओं की कार दूसरी कार से टकराई, एक की मौत, तीन घायल

फिरोजाबाद। मटसेना थाना क्षेत्र अंतर्गत आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 41 पर सोमवार को प्रयागराज महाकुंभ से स्नान कर वापस लौट रहे कार सवारों की कार दूसरी कार से टकरा गई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
हादसा थाना मटसेना क्षेत्र के आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुआ। प्रयागराज कुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार में पीछे से एक कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में 58 वर्षीय महेश चंद्र निवासी मयूर विहार दिल्ली अपने बेटे अमन गुप्ता व बेटी 25 वर्षीय तृप्ति निवासी उपरोक्त व मृतक के साले का बेटा अर्चित निवासी राजा मंडी आगरा घायल हो गए। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने महेश चंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायलों को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भिजवाया है। हादसा इतना भीषण था कि कारों के परखच्चे उड़ गए और कार सवार बुरी तरह फंस गए थे। जिन्हें मौके पर पहुंची पुलिस ने निकलवाकर अस्पताल भिजवाया। मृतक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। थाना मटसेना पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।