फिरोजाबाद। सीएल जैन महाविद्यालय की एनएसएस इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन स्वयंसेविकाओं ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
शिविर का प्रारंभ छात्र-छात्राओं ने लक्ष्य गीत के साथ किया। प्राथमिक विद्यालय हिमायूंपुर में महाविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ एसपी सिंह ने स्वयंसेवकों को पर्यावरण संरक्षण के विषय में जागरूक किया। उन्होंने पर्यावरण, पारिस्थितिकी एवं इसके घटकों के विषय में भी विस्तार से बताया। स्वयंसेवकों ने भी इस विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। स्वयंसेवकों ने विद्यालय में सभी को स्वस्थ जीवन के लिए पेड़ लगाने का संदेश दिया। इसके पश्चात सभी स्वयंसेवकों को दहेज मुक्त भारत के लिए एवं नशा मुक्त भारत के लिए प्रतिज्ञा दिलाई गई। सभी स्वयंसेवकों ने इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के पश्चात महाविद्यालय में स्वयंसेवकों द्वारा पौधारोपण का कार्यक्रम किया गया। स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो वैभव जैन की उपस्थिति में गेंदा, गुड़हल, सन्फलावर एवं एलोवेरा जैसे पौधे रोपित किए एवं सभी पौधों में पानी लगाया। संपूर्ण कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी पूजा त्यागी के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।