Sunday, April 26, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » आरेडिका में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 117 मरीजों का हुआ उपचार

आरेडिका में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 117 मरीजों का हुआ उपचार

रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारख़ाना रायबरेली के चिकित्सालय में 18 मार्च को आरेडिका चिकित्सालय द्वारा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायबरेली के सहयोग से एक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में डॉ. अभीप्सा ओझा (स्त्री रोग एवं प्रसूति विशेषज्ञ), डॉ. गोपीनाथ नायक (न्यूरो सर्जन), डॉ. गौरव त्रिवेदी (अंकोलॉजिस्ट) और डॉ. अभय सिंह (जनरल फिजिशियन) द्वारा चिकित्सालय में आए 117 मरीजों का उपचार किया गया।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायबरेली से आए डॉ. सुयेश सिंह (न्यूरो सर्जन) की टीम ने आरेडिका में काम करने वाले कर्मचारियों को प्रथम उपचार, सीपीआर एवं बेसिक लाइफ सपोर्ट प्रणाली के संबंध में जानकारी प्रदान की। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जीवनरक्षक कौशल और सामुदायिक सुरक्षा की भावना को बढ़ाना था, जिससे आपातकालीन स्थिति में त्वरित और प्रभावशाली प्रतिक्रिया दी जा सके और लोगों के जीवन की रक्षा की जा सके।
इसके अलावा, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायबरेली की मनोचिकित्सक डॉ. श्रुति सिंहा ने अवसाद, चिंता और अन्य मानसिक विकारों के कारणों और निदान पर एक विस्तृत व्याख्यान दिया। इस व्याख्यान में आरेडिका के रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा भारती मिश्रा, संगठन की अन्य पदाधिकारी, कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य उपस्थित रहे और कार्यक्रम में अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त करने के लिए प्रश्न पूछे। आरेडिका के चिकित्साधिकारियों और कर्मचारियों ने इस शिविर के आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। आरेडिका की पीसीएमओ डॉ. आभा जैन ने बताया कि यह स्वास्थ्य शिविर एक प्रतीकात्मक कदम है जो आरेडिका परिवार के लोगों में स्वस्थ जीवन जीने के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास करता है, ताकि वे अपनी सेहत को बेहतर बनाने के लिए उचित कदम उठा सकें। यह जानकारी आर एन तिवारी, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आरेडिका ने दी।