➤ एक ही जगह मिलेंगी कई योजनाओं की सुविधाएं
हाथरस। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से एक नवंबर, रविवार को दाऊजी मेला पंडाल स्थित पद्मश्री काका हाथरसी स्मृति मंच पर मेगा विधिक सहायता शिविर का आयोजन किया जाएगा। जनपद न्यायाधीश विनय कुमार तृतीय के निर्देश पर शिविर की तैयारियों को लेकर सचिव अनु चौधरी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान कार्ड बनाने, स्वास्थ्य जांच, एक्स-रे और दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कृषि विभाग किसानों का पंजीकरण करने के साथ ही उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी देगा, जबकि श्रम विभाग की ओर से श्रमिकों के कार्ड बनाए जाएंगे। समाज कल्याण एवं प्रोबेशन विभाग के माध्यम से वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बाल सेवा योजना और सामूहिक विवाह योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पंजीकरण किया जाएगा। इसके माध्यम से पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। जिला विकास विभाग की ओर से स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के साथ दीपक, मोमबत्ती, अगरबत्ती, मिठाई और अन्य स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। शिविर में 25 से 30 विभागों के स्टॉल लगाए जाने की योजना है, जहां लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पंजीकरण और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की व्यवस्था की जाएगी। शिविर में निःशुल्क विधिक परामर्श, मध्यस्थता और परामर्श सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा लोक अदालत के माध्यम से मामलों के निस्तारण के संबंध में लोगों को जानकारी दी जाएगी और नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी ने नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचें और विभिन्न विभागों की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
Jansaamna