फिरोजाबाद। विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर वन विभाग द्वारा नगर वन दतोजी कलां में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अधिकारी व कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। वहीं बच्चों ने चित्रकला के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि वृक्ष धरा के आभूषण हैं और यह हमारे जीवन का आधार है। पेड़ो से हमें फल, फूल, सब्जी, औषधि और फर्नीचर तो प्राप्त होता ही है। साथ ही ये हमें प्राण वायु ऑक्सीजन भी प्रदान करते है। अतः हम सब का सामूहिक दायित्व हैं कि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा रोपित करके उसका संरक्षण करें। ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव ने कहा आबादी के अनुसार यदि हमारे देश में वन्य क्षेत्र नहीं होगा, तो फिर मानव जीवन के लिए खतरा पैदा हो सकता है। इसलिए हमें वन क्षेत्र को बढ़ावा देना होगा। उप प्रभागीय वन अधिकारी आर.एसत्र भदौरिया एवं अखिलेश पटेल ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का सम्मान और आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए वन विभाग के कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में फॉरेस्ट एंड फूड विषय को लेकर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें उच्च प्राथमिक विद्यालय सोफीपुर के बालक-बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जिसमें दीपचंद्र प्रथम, मिथलेश द्वितीय और काम्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। इस मौके पर पर्यावरण के लिए कार्य करने वाली प्रमुख स्वयंसेवा संस्था सुमंगलम सेवा संस्थान द्वारा महापौर कामिनी राठौर और ब्लॉक प्रमुख सदर डॉक्टर लक्ष्मी नारायण यादव एवं मंचाशीन अधिकारियों को प्रशास्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर शिव मोहन श्रोतिय, राधेश्याम यादव, रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर अविनाश सिंह, प्रियंका यादव, अखिलेश कुमार, मोहित यादव एवं श्यामू सिंह के साथ ही वन विभाग के तमाम अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बशिष्ठ समाजसेवी प्रधानाचार्य भगवानदास शंखवार ने किया।