Monday, April 27, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » निगम में बढ़ते भष्ट्राचार और अधिकारियों की अनदेखी के चलते भाजपा पार्षद ने किया मुंडन

निगम में बढ़ते भष्ट्राचार और अधिकारियों की अनदेखी के चलते भाजपा पार्षद ने किया मुंडन

फिरोजाबाद। नगर निगम में बढ़ते भ्रष्टाचार को लेकर वार्ड नंबर 32 से बीजेपी पार्षद ने नगर निगम के गेट पर स्वयं अपना मुंडन किया। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार में संलिप्त होने का आरोप लगाया।
नगर निगम के वार्ड नंबर 32 में नरेश शर्मा उर्फ नीटू भाजपा पार्षद हैं। पार्षद का आरोप है कि दो माह पहले नगर निगम के द्वारा उनके वार्ड में बिना बताए सड़क निर्माण का भुगतान कर दिया गया। नियमों को दरकिनार करते हुए ठेकेदार को भुगतान किया गया। उन्होंने निर्माण कार्य की जांच कराए जाने की मांग की थी लेकिन अभी तक जांच नहीं हो सकी है। लगातार मांग करने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर बुधवार को पार्षद नगर निगम कार्यालय पहुंच गए। जहां नगर निगम के अंदर वह अपना मुंडन करना चाह रहे थे, लेकिन उत्तर प्रदेश सफाई कर्मचारी कल्याण संघ के विकास चंद्र बाल्मीकि चंदन से उनकी कहासुनी हो गई और कर्मचारियों ने उन्हें बाहर कर दिया। इसके बाद उन्होंने नगर निगम के गेट पर ही अपना मुंडन कर लिया। वहीं, वाल्मीकि समाज के लोगों ने पार्षद पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। वहीं, पार्षद का कहना है कि उन्होंने किसी को कोई जातिसूचक शब्द नहीं कहे। वह तो मुंडन कर नगर निगम में फैले भ्रष्टाचार का विरोध कर रहे हैं। नगर आयुक्त रिषी राज का कहना है कि पार्षद की मांग पर निर्माण कार्य की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।