Friday, April 24, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » किसान दिवस का आयोजन कर सुनी गई किसानों की समस्याएं

किसान दिवस का आयोजन कर सुनी गई किसानों की समस्याएं

हाथरस। विकास भवन सभागार में स्वतंत्रता के अमृत काल में भारत रत्न डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुरेश चंद्र केसरवानी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें किसानों की समस्याएं सुनी गईं।
मुख्य विकास अधिकारी ने सबसे पहले विगत किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक शिकायतकर्ता को समाधान की जानकारी दी जाए।
उन्होंने कहा कि किसानों को विभिन्न विभागों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराया जाए। अपने संबोधन में सीडीओ ने कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं, और उनके बिना देश की समृद्धि की कल्पना अधूरी है। उन्होंने किसानों को कृषि क्षेत्र में नवीन तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों को मिलेट (मोटे अनाज), मत्स्य पालन और फूलों की खेती जैसे विकल्पों की ओर अग्रसर होने के सुझाव दिए। उन्होंने विशेष रूप से गुलाब और गेदा की खेती को लाभकारी बताते हुए किसानों को इनकी ओर प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर कृषि एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों द्वारा उपस्थित किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कई विभागीय अधिकारी, किसान प्रतिनिधि और ग्रामीण क्षेत्रों से आए कृषक उपस्थित रहे।