हाथरस। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित एक समारोह में जिलाधिकारी राहुल पांडेय ने नव चयनित आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस मौके पर उन्होंने सभी नव नियुक्त कार्यकर्त्रियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों का सर्वाधिक मानसिक विकास जीवन के प्रारंभिक पांच वर्षों में होता है। इसलिए आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों की देखभाल उसी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से करें जैसे कोई अपनी संतान की करता है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल एक पोषण केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का आधार हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को समुचित पोषण और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाती हैं। इसलिए सभी कार्यकर्त्रियों का यह दायित्व है कि वे अपनी जिम्मेदारियों का पालन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करें। कार्यक्रम के अंत में संबंधित अधिकारियों द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों को उनके कार्यों, दायित्वों एवं कार्यप्रणाली के बारे में आवश्यक जानकारी भी प्रदान की गई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे। नियुक्ति पत्र प्राप्त करते ही कार्यकर्त्रियों के चेहरे पर उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली।
Home » मुख्य समाचार » नव चयनित आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों को जिलाधिकारी ने सौंपे नियुक्ति पत्र, खिले चेहरों के साथ जताई खुशी