रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) स्थित ज्ञानदा बाल मन्दिर विद्यालय में बच्चों के मनोरंजन और शारीरिक विकास हेतु बनाए गए नए प्ले ग्राउंड का उद्घाटन महाप्रबंधक प्रशांत कुमार मिश्रा एवं आरेडिका महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा भारती मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। पार्क में बच्चों के लिए झूले, घूमने, कूदने और फिसलने के विभिन्न उपकरण तथा खिलौने लगाए गए हैं, जिससे बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ मनोरंजन और हल्का-फुल्का व्यायाम भी कर सकें। उद्घाटन समारोह में महाप्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चे किसी भी देश का भविष्य होते हैं और उनके सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल-कूद भी अत्यंत आवश्यक है। खेलों से बच्चों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, जिससे उनका मानसिक और शारीरिक विकास बेहतर होता है। विद्यालय की प्रधानाचार्या रीता सिंह ने अपने संबोधन में विद्यालय की उपलब्धियों और वर्तमान स्थिति की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि वर्तमान में विद्यालय में 270 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इस अवसर पर विद्यालय के छोटे बच्चों ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। महाप्रबंधक प्रशांत कुमार मिश्रा एवं भारती मिश्रा ने बच्चों को पुरस्कार वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर आरेडिका के प्रधान वित्त सलाहकार बी.एल. मीना, प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता मनोज जिंदल, मुख्य सतर्कता अधिकारी एवं वरिष्ठ उप महाप्रबंधक अकमल वदूद, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी रूपेश श्रीवास्तव, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रमेश चंद्र, पद्मश्री एवं अर्जुन अवार्डी सुधा सिंह, महिला कल्याण संगठन की सचिव विजया श्रीवास्तव सहित अन्य सदस्याएंकृवानी जैन, वॉबी जिंदल, सीमा पांडेय, अनुपमा कपूर, बिंदु मौर्या, सिंधु झा, विद्यालय की अध्यापिकाएं, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।