रायबरेली। नेता प्रतिपक्ष एवं रायबरेली के सांसद राहुल गांधी ने सोमवार को आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली का दौरा किया। उनके साथ अमेठी से सांसद किशोरी लाल शर्मा भी मौजूद रहे। दौरे के दौरान श्री गांधी ने कारखाने के महाप्रबंधक प्रशांत कुमार मिश्रा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ फैक्ट्री परिसर का निरीक्षण किया। आरेडिका प्रशासन ने उन्हें फैक्ट्री में निर्मित हो रहे विभिन्न प्रकार के कोचों — जैसे स्लीपर, एसी 3 टियर इकोनॉमिक, एसी पैंट्रीकार, नॉन-एसी चेयरकार, तेजस, राजधानी एवं वंदे भारत शेल प्रोटोटाइप — की निर्माण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। श्री गांधी ने कोच निर्माण प्रक्रिया को नजदीक से देखा और उनके निर्माण की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। विशेष रूप से उन्होंने आमजन के उपयोग में आने वाले दीनदयालु तथा स्लीपर कोच का निरीक्षण किया, और इन कोचों में यात्रियों की सुविधा हेतु किए गए सुधारों की सराहना की।
इनमें स्लाइडिंग विंडो डोर, मॉड्यूलर टॉयलेट, एफआरपी पैनल, कुशन युक्त लगेज रैक जो आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त सीट के रूप में कार्य कर सकता है, और मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं। इस अवसर पर आरेडिका के प्रमुख अधिकारी — प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक खरे, प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक राजीव खंडेलवाल, प्रधान मुख्य इंजीनियर सत्य प्रकाश यादव, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अतुल प्रियदर्शी, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी रूपेश श्रीवास्तव, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी अकमल वदूद, तथा प्रधान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आभा जैन — सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Home » मुख्य समाचार » नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का रायबरेली दौरा: आरेडिका में कोच निर्माण प्रक्रिया का किया निरीक्षण