Tuesday, April 28, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बाबा साहेब का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान

बाबा साहेब का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान

हाथरस। समाजवादी पार्टी द्वारा ‘भारत रत्न’ डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र से छेड़छाड़ कर किए गए कथित अपमान के विरोध में हाथरस नगर पालिका अध्यक्ष स्वेता दिवाकर ने ओढ़पुरा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान स्वेता दिवाकर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने बाबा साहेब के चित्र पर पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव का आधा चेहरा चिपका कर न केवल संविधान निर्माता का घोर अपमान किया है, बल्कि करोड़ों दलित, वंचित और सामाजिक न्याय के समर्थकों की भावनाओं को भी आहत किया है। उन्होंने कहा, “यह कार्य अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक है। बाबा साहेब किसी एक समुदाय या पार्टी के नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं। उनका अपमान राष्ट्र का अपमान है और यह हिंदुस्तान कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।” प्रदर्शन के दौरान मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए समाजवादी पार्टी से माफी की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्य समाज को विभाजित करने वाले हैं और इन पर सख्त प्रतिक्रिया देना ज़रूरी है। स्वेता दिवाकर ने मांग की कि अखिलेश यादव स्वयं आगे आकर इस “अविवेकपूर्ण कृत्य” के लिए देश से माफ़ी मांगें और सुनिश्चित करें कि भविष्य में इस प्रकार की किसी भी हरकत की पुनरावृत्ति न हो।