
राजीव रंजन नागः नई दिल्ली। भारतीय सशस्त्र बलों ने गुरुवार को पाकिस्तान के कई स्थानों पर एयर डिफेंस रडार और प्रणालियों को निशाना बनाते हुए करारा जवाब दिया। इस कार्रवाई में लाहौर स्थित एक एयर डिफेंस सिस्टम को निष्क्रिय कर दिया गया। यह जवाबी हमला पाकिस्तान द्वारा जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामुला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजौरी सेक्टरों में की गई भारी मोर्टार और आर्टिलरी फायरिंग के बाद किया गया, जिसमें अब तक 16 निर्दोष नागरिकों की जान जा चुकी है। इनमें तीन महिलाएं और पांच बच्चे शामिल हैं। पाकिस्तान ने भारत के 15 शहरों को निशाना बनाने की कोशिश की। इस कारण भारत को पाकिस्तान की ओर से मोर्टार और आर्टिलरी की गोलीबारी को रोकने के लिए जवाबी कार्रवाई करने के लिए मजबूर होना पड़ा। हालांकि भारतीय सशस्त्र बलों ने गैर-वृद्धि के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, बशर्ते कि पाकिस्तानी सेना इसका सम्मान करे।
7-8 मई की रात को पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों का उपयोग करके अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ़, नाल, फलौदी, उत्तरलाई और भुज सहित उत्तरी और पश्चिमी भारत में कई सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने का प्रयास किया। इन मिसाइल हमलों को एकीकृत काउंटर यूएएस ग्रिड और वायु रक्षा प्रणालियों द्वारा निष्प्रभावी कर दिया गया।
इस बीच, सरकार ने गुरुवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर, पंजाब और गुजरात सहित देश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों के 15 शहरों में सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर भारत के साथ तनाव बढ़ाने की पाकिस्तान की कल देर रात और आज सुबह की कोशिशों को नाकाम कर दिया गया है। सरकार ने कहा कि भारतीय सेना ने श्रीनगर, पठानकोट, अमृतसर, लुधियाना, चंडीगढ़ और अन्य स्थानों पर सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला करने के पाकिस्तान के प्रयासों के जवाब में लाहौर सहित कई स्थानों पर पाकिस्तानी वायु रक्षा रडार और प्रणालियों को निशाना बनाकर और उन्हें निष्क्रिय करके जवाब दिया है।
सरकार ने गुरुवार की रेखांकित किया कि भारतीय सेना की प्रतिक्रिया ‘उसी क्षेत्र में और उसी तीव्रता के साथ’ थी, जैसा कि पाकिस्तान द्वारा किए गए हमलों में थी। पाक सेना ने ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल किया, जिन्हें भारत की वायु रक्षा प्रणालियों ने निष्क्रिय कर दिया। सूत्रों के अनुसार भारत ने पाक वायु रक्षा को नष्ट करने के लिए हार्पी ड्रोन का इस्तेमाल किया, जबकि भारत ने उसके शहरों पर निशाना साधी गई मिसाइलों को मार गिराने के लिए रूस निर्मित एस-400 रक्षा प्रणाली का इस्तेमाल किया।
7 मई को ऑपरेशन सिंदूर पर प्रेस ब्रीफिंग के दौरान, भारत ने अपनी प्रतिक्रिया को केंद्रित, मापा और गैर-उकसावे वाला बताया। यह विशेष रूप से उल्लेख किया गया था कि पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना नहीं बनाया गया था। यह भी दोहराया गया कि भारत में सैन्य ठिकानों पर किसी भी हमले का उचित जवाब दिया जाएगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी आज बताया कि हमलों में 100 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए।
Jansaamna