Saturday, May 10, 2025
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मक्खनपुर में तंत्र-मंत्र के चलते दो युवकों की संदिग्ध मौत

मक्खनपुर में तंत्र-मंत्र के चलते दो युवकों की संदिग्ध मौत

फिरोजाबाद। थाना मक्खनपुर क्षेत्र में स्थित एक मजार के पास दो युवकों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची डायल 112 टीम ने उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। दो लोगों की रहस्यमय मौत की खबर से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अखिलेश भदौरिया, सीओ सदर चंचल त्यागी और थाना मक्खनपुर की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान पूरन कश्यप (45 वर्ष), निवासी रहना थाना उत्तर, और रामनाथ (55 वर्ष), निवासी थाना एका क्षेत्र के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक पूरन कश्यप तांत्रिक गतिविधियों में संलग्न था और रामनाथ उसका रिश्तेदार था। रामनाथ दो दिन पूर्व शिकोहाबाद क्षेत्र के म्योली स्थित ससुराल से पूरन के पास आया था। दोनों बुधवार को पूरन के घर से निकले थे और रात भर वापस नहीं लौटे।
गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने सैयद के पीछे स्थित बाउंड्री वॉल के अंदर दो शव पड़े देखे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान घटनास्थल से दो गिलास, एक कटा हुआ नींबू, एक लड्डू और पानी के चार पाउच बरामद हुए, जिनमें से दो खाली थे। इन वस्तुओं के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि तांत्रिक क्रिया के दौरान दोनों ने कोई विषैला पदार्थ सेवन किया हो सकता है।
थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल के हालात तंत्र-मंत्र से जुड़ी गतिविधियों की ओर संकेत कर रहे हैं। रामनाथ और पूरन के बीच अच्छे संबंध थे और उनके बीच पैसों का लेन-देन भी होता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अखिलेश भदौरिया ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया दोनों की मौत का कारण विषाक्त पदार्थ प्रतीत हो रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।