हाथरस। कोतवाली मुरसान क्षेत्र के गांव खुटीपुरी जाटान में एक दलित बच्चे की हत्या कर शव को खेत में फेंकने की सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के हाथ-पैर रस्सियों से बंधे हुए थे और शरीर पर धारदार हथियार के गंभीर घाव थे। मासूम बच्चा दो दिन से लापता था और रविवार सुबह उसका शव गांव के एक खेत में बरामद हुआ।
पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। गांव में भारी भीड़ जमा हो गई और घटना को लेकर गमगीन माहौल बना रहा। मृतक की पहचान खुटीपुरी जाटान निवासी राजपाल सिंह के 7-8 वर्षीय बेटे भोला के रूप में हुई है, जो 8 मई की दोपहर शौच के लिए निकला था। इसके बाद वह आटा चक्की के पास खेलते हुए अचानक गायब हो गया। परिवार द्वारा काफी खोजबीन करने के बाद पुलिस को सूचना दी गई और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
भोला कक्षा एक का छात्र था और अपने माता-पिता की तीन संतान में इकलौता बेटा था। पिता राजपाल सिंह की गांव में अपनी आटा चक्की है। बच्चे की मां रानी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दादा प्रेम सिंह ने आशंका जताई है कि बच्चे की हत्या रंजिशन की गई है। उन्होंने कहा कि बच्चे के शरीर पर पेट और छाती के पास धारदार हथियार के निशान थे और एक काले कपड़े से शरीर बंधा हुआ था। ऐसा प्रतीत होता है कि हत्या कहीं और की गई और शव को खेत में लाकर फेंका गया। राजपाल सिंह ने कहा कि उनका किसी से कोई विवाद नहीं है और वह चाहते हैं कि उनके बेटे के हत्यारे को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए। घटना की सूचना पाकर वरिष्ठ बहुजन समाज पार्टी नेता डॉ. अविन शर्मा और जिलाध्यक्ष राजकपूर मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर शीघ्र घटना के खुलासे और सख्त कार्यवाही की मांग की।
सीओ सादाबाद हिमांशु माथुर ने बताया कि थाना मुरसान क्षेत्र में घटित इस संवेदनशील घटना की सूचना मिलते ही उच्चाधिकारीगण, थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के शीघ्र खुलासे हेतु चार टीमों का गठन किया गया है और सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Jansaamna