Friday, April 24, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » आगरा मंडल ने टिकट चेकिंग में अप्रैल 2025 में 39061 केस दर्ज कर 2.34 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला

आगरा मंडल ने टिकट चेकिंग में अप्रैल 2025 में 39061 केस दर्ज कर 2.34 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला

आगरा। यात्रियों को बेहतर सेवा देने के लिए संकल्पित आगरा रेल मंडल द्वारा निरंतर सर्वोत्तम प्रयास किए जा रहे हैं, जिनके चलते रेल राजस्व में भी निरंतर वृद्धि हो रही है। मंडल रेल प्रबंधक आगरा तेज प्रकाश अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हृषिकेश मौर्या के नेतृत्व में चल रहे टिकट चेकिंग अभियान के अंतर्गत वाणिज्य विभाग की टिकट चेकिंग टीम ने अप्रैल माह 2025 में कुल 2.34 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है।
टिकट चेकिंग टीम द्वारा अप्रैल 2025 में कुल 39061 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें से बिना टिकट यात्रा करते पाए गए 19755 मामलों पर 1.39 करोड़ रुपये, अनियमित टिकट वाले 19296 मामलों पर 94.84 लाख रुपये तथा बिना बुक किए गए लगेज के साथ यात्रा करने वाले 10 यात्रियों से 14420 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस कार्रवाई से रेलवे को कुल 2.34 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। रेल मंडल द्वारा इन कार्रवाइयों का उद्देश्य अनधिकृत यात्रियों एवं अनियमित गतिविधियों पर नियंत्रण पाना है, साथ ही विभिन्न आय स्रोतों के माध्यम से राजस्व में वृद्धि सुनिश्चित करना भी है।
जनसंपर्क अधिकारी कु. प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि भविष्य में भी मंडल द्वारा रेलवे स्टेशनों एवं आरक्षित/अनारक्षित यात्री गाड़ियों में नियमित रूप से सघन टिकट जांच अभियान चलाया जाएगा, ताकि बिना टिकट या अनाधिकृत यात्रियों की यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें।