♦ एक दर्जन शातिरों के खिलाफ दर्ज की गई एफ. आई. आर.
♦ अधिवक्ता रिश्तेदारों के साथ मिलकर जमीनों पर कब्जा करने का आरोप
♦ जाँचोपरान्त संज्ञेय धाराओं में नौबस्ता थाना में दर्ज की गई एफ. आई. आर.
कानपुर। नौबस्ता थाना क्षेत्र में सरकारी एवं विवादित जमीनों पर जबरन कब्जा करने वालों के खिलाफ एफ आई आर दर्ज की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, बृजराज सिंह राजावत की तहरीर के आधार पर राम प्रताप सिंह सहित एक दर्जन लोगों पर सरकारी एवं विवादित जमीनों पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगा है। कानपुर विकास प्राधिकरण से शिकायतें की गई थीं और शिकायतों का दौर सन् 2021 से चल रहा था। कई बार झगड़ा और मारपीट की बात भी प्रकाश में आई थी। आरोपियों पर अपहरण करने सहित अनेक आरोप लगाये गये। शिकायतकर्ता द्वारा निरन्तर प्रयास किये जाने व प्रार्थनापत्र दिये जाने पर पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने मामले में जाँच करवाई। जाँच अधिकारी एसीपी नौबस्ता द्वारा जमीनी तहकीकात किये जाने व आरोप सच पाये जाने के पश्चात आज एक दर्जन लोगों के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट कानपुर के थाना नौबस्ता में गम्भीर धाराओं में साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।