Wednesday, May 21, 2025
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » उत्तर प्रदेश पुलिस में चयनित सैकड़ों छात्रों को किया गया सम्मानित

उत्तर प्रदेश पुलिस में चयनित सैकड़ों छात्रों को किया गया सम्मानित

कानपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती में चयनित हुए सैकड़ों युवा प्रतिभागियों के सम्मान में आयोजित भव्य समारोह का आयोजन कानपुर डिफेन्स फिजिकल एकेडमी द्वारा किया गया। इस सम्मान समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष (दक्षिण) शिवराम सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष (कानपुर देहात) रेणुका सचान, जिला पंचायत सदस्य आलोक सचान और दिलीप सचान द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। एकेडमी के डायरेक्टर सौरभ शुक्ला ने जानकारी दी कि अब तक उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों के करीब 13,000 छात्र-छात्राओं ने इस एकेडमी के मार्गदर्शन से विभिन्न विभागों में सफलता प्राप्त की है। उन्होंने बताया कि एकेडमी की कठोर प्रशिक्षण पद्धति और अनुशासन ही इसे देशभर में विद्यार्थियों की पहली पसंद बनाता है। समारोह में इस वर्ष उत्तर प्रदेश पुलिस में चयनित हुए लगभग 335 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिससे एकेडमी गौरवान्वित हुई है। मुख्य अतिथि शिवराम सिंह ने डायरेक्टर सौरभ शुक्ला की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी दूरदृष्टि और समर्पण के कारण ही इतने बड़े स्तर पर सफलता और सम्मान संभव हुआ है। वहीं जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने कहा कि यह अवसर कानपुर नगर के लिए गर्व का विषय है कि यहां की एकेडमी इतनी बड़ी संख्या में पुलिस भर्ती के लिए युवा तैयार कर रही है।
अपने संबोधन में डायरेक्टर सौरभ शुक्ला ने कहा कि एकेडमी की स्थापना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को मदद पहुंचाना है। उन्होंने मंच से खुले तौर पर कहा कि अगर किसी छात्र के पास फीस भरने की क्षमता नहीं है, तो वह निसंकोच मिल सकता है—एकेडमी उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए सदैव तत्पर है। डायरेक्टर के इन शब्दों से समारोह में मौजूद कई लोगों की आंखें नम हो उठीं। समारोह के दौरान सभी चयनित अभ्यर्थियों को बाबा श्री श्याम खाटू जी महाराज का चित्र एवं मैडल भेंट कर सम्मानित किया गया। पूरा वातावरण भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर कोच विपिन सर, बॉक्सर राजू, मैनेजर शैलेन्द्र यादव एवं संचालन एडवोकेट रोहित मिश्रा ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।