Wednesday, May 21, 2025
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » केंद्रीय शिक्षा मंत्री से महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय ने की कुलपति की शिष्टाचार भेंट

केंद्रीय शिक्षा मंत्री से महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय ने की कुलपति की शिष्टाचार भेंट

वर्धा। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा की कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने हाल ही में नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों, चुनौतियों और भावी योजनाओं की जानकारी साझा करने के उद्देश्य से संपन्न हुई। भेंट के दौरान प्रो. कुमुद शर्मा ने विश्वविद्यालय की वर्तमान शैक्षणिक स्थिति, विभिन्न विभागों में हो रही प्रगति तथा समक्ष आ रही समस्याओं से मंत्री महोदय को अवगत कराया। उन्होंने हिंदी भाषा के वैश्विक प्रचार-प्रसार से संबंधित प्रस्तावित योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी। इस चर्चा के दौरान विश्वविद्यालय से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ। मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। यह शिष्टाचार भेंट विश्वविद्यालय के भावी विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे न केवल संस्थान की योजनाओं को गति मिलेगी, बल्कि हिंदी भाषा और साहित्य को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने की दिशा में भी यह मुलाकात मील का पत्थर साबित हो सकती है।