Friday, March 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का जीवन न्याय, सेवा, त्याग और सुशासन का अनुपम उदाहरण – दिनेश शर्मा

लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का जीवन न्याय, सेवा, त्याग और सुशासन का अनुपम उदाहरण – दिनेश शर्मा

फिरोजाबाद। पुण्य श्लोक लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर त्रिशताब्दी स्मृति अभियान के अंतर्गत गुरुवार को भाजपा महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर की अध्यक्षता में फिरोजाबाद क्लब में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में वक्ताओं ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर मराठा साम्राज्य की एक महान शासिका थीं, जिन्होंने 1767 से 1795 तक मालवा क्षेत्र में कुशलतापूर्वक शासन किया। उनका जीवन न्याय, सेवा, त्याग और सुशासन का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जैसे अहिल्याबाई ने लोक कल्याण के लिए कार्य किया, उसी तरह आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जन कल्याण और राष्ट्र सेवा के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से महिलाओं की भूमिका को भी रेखांकित किया, जिसमें व्योमिका सिंह और सोफिया कुरैशी ने नेतृत्व कर राष्ट्र रक्षा में योगदान दिया। महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर ने कहा कि रानी अहिल्याबाई होल्कर का पूरा जीवन समाज के लिए प्रेरणादायक है। भाजपा उनके विचारों से प्रेरणा लेकर आम जनता को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम चला रही है। सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर का जीवन शौर्य, साधना, सेवा, समर्पण, संयम और सादगी का अद्वितीय उदाहरण है। उनकी शासन प्रणाली, सामाजिक न्याय की भावना, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और धार्मिक आस्था आज भी प्रेरणा देती है। महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई आदर्श शासन की शिल्पकार थीं। उनका शासन भूमिहीन किसानों, जनजातियों और विधवाओं के हितों की रक्षा करने वाला था। वह शिव की अनन्य भक्त थीं और उनका प्रशासन समाज सुधार, कृषि सुधार, जल प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर केंद्रित था। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री राधेश्याम यादव ने किया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष नानक चंद्र अग्रवाल, आनंद अग्रवाल, डॉ. एस.पी. लहरी, शैलेंद्र गुप्ता शालू, दीपक गुप्ता कालू, आकाश गुप्ता, अंकित तिवारी, पूर्व मंत्री विवेक अग्रवाल, आशीष दिवाकर, नरेश शर्मा नीटू, राजेंद्र बोहरे, ओमप्रकाश वर्मा, ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव, सुनील टंडन, अरविंद पचौरी, योगेश प्रताप सिंह बघेल, केके गांधी, सत्यवीर गुप्ता, बीएल वर्मा, अनिल भारद्वाज, सुनील शर्मा, श्याम सिंह यादव, अनुपम शर्मा, मक्खनपुर अध्यक्ष गीता देवी, सत्यवीर गुर्जर, प्राचीर सेठ, शिवम, आशीष यादव, मनीष, आकृति सहयोगी, महिमा गुप्ता, डॉ. दुर्गेश यादव, राम लड़ेती लकी, डॉ. मधुरिमा गुप्ता आदि मौजूद रहे।