» खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बछरावां से गुम सेवापुस्तिकाओं के नामों की जानकारी न होने से आक्रोश
» प्रमाणित शिकायतों के बावजूद खंड शिक्षा अधिकारी बछरावां द्वारा नहीं की गयीं कोई कार्यवाही
बछरावां, रायबरेली। खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बछरावां में शिक्षकों की सेवापुस्तिकाओं के गायब होने और इस गंभीर समस्या के समाधान में लगातार टालमटोल रवैया अपनाए जाने से शिक्षकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सेवापुस्तिका किसी भी सरकारी कर्मचारी, विशेष रूप से शिक्षक का एक अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज होता है, जिसमें सेवा रिकॉर्ड, वेतन, पदोन्नति और पेंशन आदि से संबंधित समस्त विवरण संकलित होते हैं। इसके गायब होने पर शिक्षक को अनेक प्रकार की प्रशासनिक और वित्तीय समस्याओं का सामना करना पड़ता है। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की बछरावां इकाई ने खंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बीआरसी बछरावां में अनुपलब्ध सेवापुस्तिकाओं की नामवार सूची जारी करने की माँग की है। संगठन ने स्पष्ट किया कि 10 मार्च 2025 को दिए गए ज्ञापन के बाद 24 मार्च को हुई वार्ता में कार्यालय सहायक ने लगभग दो दर्जन से अधिक सेवापुस्तिकाओं के गायब होने की बात कही थी। इस पर खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा एक सप्ताह में सूची देने का आश्वासन भी दिया गया, परन्तु दो माह बीतने के बावजूद सूची आज तक नहीं सौंपी गई। इस संदर्भ में यह गंभीर सवाल उठ रहा है कि क्या खंड शिक्षा अधिकारी बछरावां शिक्षकों को जानबूझकर भ्रमित कर रहे हैं? यदि सेवापुस्तिकाएँ कार्यालय में सुरक्षित हैं, तो सहायक द्वारा अनुपलब्ध होने की जानकारी क्यों दी गई? वहीं, संगठन ने यह भी आरोप लगाया है कि पहले से ही कार्यालय में भ्रष्टाचार की शिकायतें उच्चाधिकारियों को ज्ञापनों के माध्यम से दी जाती रही हैं, जिन पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया। गौरतलब है कि खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेजे गए पत्र में एक प्रधानाध्यापिका की सेवापुस्तिका के गुम होने की पुष्टि भी की गई है, जिससे संगठन की आशंकाएँ और मजबूत हुई हैं। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारियों राजेन्द्र प्रसाद शर्मा, शशिलेश कुमार, राम रतन, आशुतोष शुक्ल, अभिनव सिंह चौहान, लोकतंत्र शुक्ल, अर्पित श्रीवास्तव, कृष्ण मोहन, अमरेश कुमार, शैलेन्द्र वर्मा, राहुल वर्मा, राम प्रकाश, रमेश कुमार, प्रशांत मोहन, धीरज, वीरेंद्र सिंह, नीरज कुमार, दीपक कुमार, देवेंद्र कुमार, आलोक सिंह आदि ने माँग की है कि खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बछरावां और बीआरसी बछरावां में व्याप्त अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जाँच कराकर दोषियों के विरुद्ध मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सेवापुस्तिकाओं की स्थिति स्पष्ट नहीं की गई और समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ, तो वे धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
Home » मुख्य समाचार » सेवापुस्तिकाओं के गायब होने पर शिक्षक संगठन आक्रोशित, कार्रवाई न होने पर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ करेगा धरना-प्रदर्शन
Jansaamna