रायबरेली। रविवार की शाम करीब 4:30 बजे उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार रायबरेली पहुंचे। उनके स्वागत में आईजी तरुण गाबा, पुलिस अधीक्षक डॉ यशवीर सिंह और जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर प्रशांत कुमार ने नवसृजित थाना चंदापुर का विधिवत पूजन कर लोकार्पण किया। थाना परिसर में पहुंचने पर उन्हें गार्द द्वारा सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर का निरीक्षण किया और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय, हवालात, सीसीटीएनएस कक्ष और मालखाना आदि का भी जायजा लिया। कार्यक्रम के दौरान डीजीपी ने क्षेत्र के चौकीदारों को साइकिल, छाता और लाठी वितरित की। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरी पुलिस व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा हैं और इनके योगदान को अनदेखा नहीं किया जा सकता। इसके साथ ही उन्होंने थाना परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस दौरान एडीजी एसबी शिरोडकर, आईजी तरुण गाबा, पुलिस अधीक्षक डॉ यशवीर सिंह, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस अधीक्षक डॉ यशवीर सिंह ने जानकारी दी कि आम जनता को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महाराजगंज क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली चौकी चंदापुर को उच्चीकृत कर नवीन थाना बनाया गया है, जिसमें कुल 23 ग्राम शामिल किए गए हैं (2 ग्राम थाना मिल एरिया और 21 ग्राम थाना महाराजगंज के)। नवसृजित थाना चंदापुर का प्रभार प्रशांत द्विवेदी को सौंपा गया है। कार्यक्रम के दौरान कार्यवाहक डीजीपी प्रशांत कुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि साइबर अपराध आज की सबसे बड़ी चुनौती है। पुलिस इसके प्रति लगातार प्रयासरत है और आम जनमानस को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चंदापुर में नए थाने की स्थापना से क्षेत्र की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर चंदापुर रियासत के राजा कौशलेंद्र प्रताप सिंह, एडीजी लखनऊ जोन एसबी शिरोडकर, पुलिस महानिरीक्षक तरुण गाबा, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, अपर पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा, क्षेत्राधिकारीगण, प्रशासनिक अधिकारी, 23 ग्राम सभाओं के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि और मीडिया से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
Jansaamna