शिकोहाबाद। नगर में रविवार सुबह पांच बजे हुई बारिश के चलते जल भराव की समस्या गहरा गई। थोड़ी देर की बारिश ने ही नगर की गलियों और मुख्य मार्गों को जलमग्न कर दिया। निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खासतौर पर थाने के सामने जल भराव होने के कारण न केवल राहगीरों को बल्कि थाना पुलिस और फरियादियों को थाने आने-जाने में काफी दिक्कत हुई। बारिश रुकने के कई घंटे बाद जाकर जल निकासी हो सकी। अल सुबह हुई बारिश ने नगर पालिका की नालों की सफाई की पोल खोल कर रख दी। नगर पालिका द्वारा नालों की तली झाड़ सफाई का कार्य करवाया जा रहा था, लेकिन बारिश ने यह साफ कर दिया कि सफाई व्यवस्था सिर्फ कागजों तक सीमित रही। थाने के सामने सड़क पर करीब दो फीट तक पानी भर गया, जिससे बाजार जाने वाले लोगों, फरियादियों और पुलिस कर्मियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ी। निचले इलाकों में गलियों में पानी बंबा की तरह बहता नजर आया। यह स्थिति पहली ही बारिश में देखने को मिली है, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आगामी बरसात के मौसम में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका से मांग की है कि जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए ताकि बारिश के मौसम में नगरवासी जल भराव की समस्या से निजात पा सकें। बारिश के चलते बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। कई घंटे तक बिजली गुल रहने से लोगों को पीने के पानी की भी समस्या से जूझना पड़ा। सुबह करीब आठ बजे बिजली आने के बाद ही पालिका द्वारा जल आपूर्ति बहाल की जा सकी।
नाले से निकाली गई सिल्ट पानी के साथ नाले में पहुंची
नगर पालिका द्वारा तहसील के सामने और स्टेशन रोड पर नाले की सफाई कराई गई थी। सफाई के दौरान निकली सिल्ट को सड़कों के किनारे डाल दिया गया था, लेकिन दो दिन बाद भी उसे नहीं हटाया गया। रविवार को हुई बारिश के कारण वही सिल्ट फिर से नालों में बह गई, जिससे सफाई का काम अधूरा रह गया। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नालों से निकली सिल्ट को जल्द से जल्द हटाया जाए ताकि आवागमन में राहत मिले और बारिश के साथ गंदगी दोबारा नालों में न पहुंच सके।
Jansaamna