Monday, October 26, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » महाप्रबंधक ने किया नवनिर्मित शेल स्टोर का उद्घाटन

महाप्रबंधक ने किया नवनिर्मित शेल स्टोर का उद्घाटन

रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) में 28 मई 2025 को नवनिर्मित शेल स्टोर का उद्घाटन महाप्रबंधक प्रशान्त कुमार मिश्रा द्वारा किया गया। आरेडिका की स्थापना 1000 कोच निर्माण की क्षमता के साथ की गई थी, लेकिन वर्तमान में इसकी निर्माण क्षमता में लगातार वृद्धि हो रही है। इसी कारण उत्पादन को गति देने हेतु अवसंरचना के विस्तार की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिससे कोच निर्माण में प्रयुक्त सामग्री का समुचित भंडारण और रख-रखाव किया जा सके। शेल डिपो की सामग्री को व्यवस्थित रूप से संग्रहीत करने हेतु लंबे समय से अतिरिक्त 4000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के शेल स्टोर की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए अभियांत्रिकी विभाग एवं स्टोर विभाग के संयुक्त प्रयासों से नये शेल स्टोर का निर्माण किया गया। महाप्रबंधक प्रशान्त कुमार मिश्रा ने इसे अवसंरचना विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे न केवल कोच निर्माण की प्रक्रिया में तेजी आएगी, बल्कि अतिरिक्त सामग्री प्रबंधन में भी सुविधा मिलेगी। महाप्रबंधक ने स्टोर के आसपास के क्षेत्र को भी विकसित कर स्टोर विभाग को सौंपे जाने हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए। प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक राजीव खण्डेलवाल ने बताया कि इस शेल स्टोर के निर्माण से बोगी एवं शेल से संबंधित बड़े आकार की वस्तुओं का सुरक्षित भंडारण संभव हो सकेगा। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए महाप्रबंधक ने अभियांत्रिकी विभाग और स्टोर विभाग को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया। इस अवसर पर आरेडिका के सीएओ अतुल प्रियदर्शी, प्रधान वित्त सलाहकार बीएल मीना, प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता मनोज कुमार जिन्दल, प्रधान मुख्य अभियंता एसपी यादव, पीसीएससी रमेश चन्द्र, स्टोर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सहित अन्य उच्च अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी जन संपर्क अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव द्वारा दी गई।