फिरोजाबाद। जिला न्यायालय परिसर में बुधवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई जब पॉक्सो और एससी/एसटी एक्ट का एक आरोपी हवालात से फरार हो गया। कन्नौज के ढकोर निवासी अफरोज को शिकोहाबाद पुलिस ने 5 मई को गिरफ्तार किया था और उसे अन्य बंदियों के साथ पेशी के लिए जिला कारागार से न्यायालय लाया गया था। पुलिस के अनुसार, तीन गाड़ियों में सभी बंदियों को लाकर न्यायालय परिसर की हवालात में रखा गया था। पेशी के बाद जब बंदियों की गिनती की गई तो एक बंदी कम पाया गया। जांच में पता चला कि आरोपी अफरोज हवालात से मौका देखकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी सौरभ दीक्षित ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमें गठित कर दी हैं। पुलिस द्वारा अफरोज के रिश्तेदारों के ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। न्यायालय परिसर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जिले की सीमाओं पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और फरार आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने हवालात में तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच के बाद लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की बात कही है। एसएसपी सौरभ दीक्षित ने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पुनः जेल भेजा जाएगा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा।
Jansaamna