Saturday, May 31, 2025
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया पुरस्कृत

उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया पुरस्कृत

ऊंचाहार, रायबरेली। अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दी जयंती के अवसर पर गुरुवार को ऊंचाहार ब्लॉक मुख्यालय में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल ने कहा कि जो सपना 300 वर्ष पूर्व माता अहिल्या बाई होल्कर ने देखा था, उसे आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को सम्मान देकर और उन्हें सशक्त बनाकर पूरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई एक सामान्य परिवार में जन्मी थीं और उनका जीवन संघर्षपूर्ण रहा, जिसे जानना हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। वे न केवल एक कुशल शासिका थीं, बल्कि धर्म, न्याय, सेवा और स्त्री शक्ति की प्रतीक भी थीं।
अभिलाष कौशल ने कहा कि भारत के इतिहास में कई वीरांगनाओं ने अपने अद्वितीय शासन और दूरदर्शिता से इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है, जिनमें मालवा की रानी अहिल्याबाई होल्कर प्रमुख हैं। वे आज भी एक आदर्श प्रशासिका, न्यायप्रिय शासिका और धर्मपरायण महिला के रूप में याद की जाती हैं। उन्होंने कहा कि विगत सरकारों ने महापुरुषों को उचित सम्मान नहीं दिया, जबकि वर्तमान सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि आशीष तिवारी ने कहा कि माता अहिल्याबाई होल्कर गरीब परिवार से थीं, लेकिन उन्होंने महिलाओं के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया और समाज में अनेक सुधार लाए। उन्होंने महिलाओं को सम्मान दिलाने और उनके जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया।
इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण में उल्लेखनीय योगदान देने वाली रामा देवी, रीना पाल, गीता यादव, निशा तिवारी, रेखा पटेल, गुड्डन यादव को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में विनीत कौशल, विजयपाल, सहायक कार्यक्रम अधिकारी आकांक्षा त्रिपाठी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।