हाथरस। लोकमाता रानी अहिल्याबाई होल्कर के जन्म त्रिशताब्दी वर्ष स्मृति अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद परिसर में “नगर पालिका सम्मेलन” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह और नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लोकमाता रानी अहिल्याबाई होल्कर के धार्मिक आचरण, न्यायप्रिय नेतृत्व और जनसेवा को समर्पित जीवन दर्शन पर विचार साझा किए गए। वक्ताओं ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर एक ऐसी शासिका थीं जिन्होंने अपने कुशल प्रशासन और जनहितकारी निर्णयों के माध्यम से समाज में एक आदर्श स्थापित किया। नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने महिला सभासदों को सम्मानित कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और नगर के विकास में उनकी भूमिका की सराहना की। इस अवसर पर मंच पर मुख्य अतिथि चौधरी उदयभान सिंह, कार्यक्रम अध्यक्ष पदम सिंह बघेल, मुख्य वक्ता प्रतिभा भारद्वाज, भाजपा जिला महामंत्री रूपेश उपाध्याय, जिला मंत्री विष्णु बघेल, नगर पालिका के सभासदगण एवं अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की संयोजिका सोनिया नारंग, यतेन्द्र बघेल और कार्यालय अधीक्षक विजय स्वर्णकार उपस्थित रहे। नगर पालिका की ओर से कर अधीक्षक राम किशोर ने प्रस्तुति दी तथा कार्यक्रम का संचालन गोपाल चतुर्वेदी ने किया।