Sunday, June 1, 2025
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » आरेडिका में गृहमंत्रालय (राजभाषा) उपनिदेशक ने किया निरीक्षण

आरेडिका में गृहमंत्रालय (राजभाषा) उपनिदेशक ने किया निरीक्षण

रायबरेली। आरेडिका में राजभाषा विभाग द्वारा राजभाषा के विकास हेतु किए गए कार्यों का निरीक्षण गृहमंत्रालय (राजभाषा कार्यान्वयन) के उप निदेशक डॉ. छबिल कुमार मेहेर ने 30 मई को किया। निरीक्षण के दौरान डॉ. मेहेर ने राजभाषा विभाग द्वारा एक वर्ष में की गई प्रगति, संसदीय निरीक्षण प्रश्नावली, हिंदी प्रशिक्षण रोस्टर, धारा 3(3) के आदेशों की गाइड फाइल, आवक-जावक रजिस्टर, रबर की मोहरें, पत्रशीर्ष, फार्म, लेखन सामग्री और नराकास की फाइल आदि का अवलोकन किया। आरेडिका में राजभाषा के क्षेत्र में हुई प्रगति देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया और कहा कि राजभाषा के क्रियान्वयन में आरेडिका की एक सकारात्मक और प्रेरणादायक छवि बन रही है।

उन्होंने कहा कि हमें अंग्रेजी के प्रचलित शब्दों जैसे स्कूल, रिजर्वेशन, लेट, ऑफिस आदि के स्थान पर हिंदी शब्दों जैसे विद्यालय, आरक्षण, विलंब, कार्यालय का प्रयोग बढ़ाना चाहिए। राजभाषा अधिकारी राकेश रंजन ने प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी रूपेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक प्रेजेंटेशन के माध्यम से आरेडिका में राजभाषा विभाग द्वारा किए गए विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। इसमें राजभाषा की नियमित बैठकें, प्रगति पत्रिका का विमोचन, नायर में आरेडिका की सहभागिता, कार्यालयीन व्याख्यान, काव्य पाठ, राजभाषा पखवाड़ा, पुस्तकालय और नराकास में भागीदारी जैसे बिंदु शामिल थे। इस अवसर पर प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी रूपेश श्रीवास्तव, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रमेश चन्द्र, उप मुख्य राजभाषा अधिकारी अष्टानंद पाठक, राजभाषा अधिकारी राकेश रंजन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।