Tuesday, June 3, 2025
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » महापौर ने महिला सफाई मित्रों को किया सम्मानित

महापौर ने महिला सफाई मित्रों को किया सम्मानित

फिरोजाबाद। पुण्यश्लोक रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर शासन के निर्देशानुसार शुक्रवार को नगर निगम फिरोजाबाद के जीवाराम हॉल में महिला सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर कामिनी राठौर ने रानी अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। महापौर कामिनी राठौर ने इस अवसर पर रानी अहिल्याबाई के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे 18वीं शताब्दी की न्यायप्रिय, प्रजावत्सल और दूरदर्शी शासिका थीं, जिन्होंने नारी नेतृत्व की एक अनूठी मिसाल पेश की। उनके शासनकाल में समाज कल्याण हेतु मंदिरों, घाटों, धर्मशालाओं और जलस्रोतों का निर्माण कराया गया। महापौर ने महिला सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें नगर की असली नायिकाएं बताया जो दिन-रात मेहनत कर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला सफाई मित्रों के सहयोग से नगर निगम फिरोजाबाद ने कई अहम उपलब्धियां प्राप्त की हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वरोजगार और सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महिला सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी जानकारियाँ प्रदान की गईं। मंचासीन अतिथियों द्वारा नगर निगम की 350 से अधिक महिला सफाई मित्रों को वॉटर कैंपर भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपसभापति विजय शर्मा, स्वच्छ भारत मिशन ब्रांड एंबेसडर अनुपम शर्मा, हरिओम वर्मा ने महिला सफाई मित्रों को समाज की रीढ़ बताया और उनके प्रति सम्मान व गर्व व्यक्त किया। कार्यक्रम का आयोजन स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी संदीप भार्गव और प्रभारी अरविंद भारती के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पार्षद पूनम शर्मा, रेखा यादव, श्याम सिंह यादव, देशदीपक यादव, अजय वर्मा, सुनील वर्मा सहित कई पार्षदगण उपस्थित रहे।