Friday, April 24, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक

बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक

हाथरस। बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झांसी द्वारा आयोजित बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2025 के नकलविहीन एवं सुचारू संचालन के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक समेत सभी संबंधित अधिकारियों ने हिस्सा लिया। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक तैयारियों को तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। केंद्र व्यवस्थापकों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा गया। परीक्षार्थियों की तलाशी के लिए समुचित व्यवस्था करने, विशेष रूप से महिला परीक्षार्थियों की जांच हेतु महिला कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं जैसे स्वच्छता, पेयजल, बिजली, फर्नीचर आदि की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने हेतु सतर्कता बरतने पर भी जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।