आगरा/मथुरा। मंडल रेल प्रबंधक आगरा तेज प्रकाश अग्रवाल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल में 22 मई से 5 जून 2025 तक विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम “एंड प्लास्टिक पॉल्यूशन” यानी “प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करें” निर्धारित की गई है। इस अभियान के अंतर्गत आगरा कैंट, मथुरा जंक्शन, आगरा किला, ईदगाह जंक्शन, राजा की मंडी और धौलपुर स्टेशनों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिला मुख्य आयुक्त सह अपर मंडल रेल प्रबंधक आगरा और जिला आयुक्त (एडल्ट रिसोर्स) सह वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी आगरा के निर्देशन में उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, आगरा मंडल द्वारा ग्रुपों में विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं। प्रमुख कार्यक्रमों में पर्यावरण जागरूकता रैली, वृक्षारोपण अभियान, परिंडा लगाओ – परिंडा बचाव अभियान और बीट प्लास्टिक पोल्यूशन अभियान शामिल रहे। पर्यावरण जागरूकता रैली आगरा छावनी स्थित रेलवे कॉलोनी में निकाली गई, जिसमें स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों ने भाग लिया। वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत रेलवे कॉलोनी एवं आगरा स्काउट हट में अर्जुन, जामुन, बरगद, अमरूद, नीम और पीपल जैसे 20 पौधे लगाए गए। गर्मी को ध्यान में रखते हुए “परिंडा लगाओ – परिंडा बचाव” अभियान की शुरुआत की गई, जिसके तहत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों ने मिट्टी के बर्तन पेड़ों पर लगाए ताकि पक्षियों को पीने के लिए पानी मिल सके। प्रत्येक सदस्य ने एक-एक परिंडा गोद लिया और उसमें प्रतिदिन पानी भरने की जिम्मेदारी ली। कम्युनिटी हॉल साउथ रेलवे कॉलोनी में प्लास्टिक प्रदूषण पर कार्यशाला आयोजित की गई और पौधारोपण भी किया गया। बीट प्लास्टिक पोल्यूशन विषय पर स्काउट्स एवं गाइड्स को जागरूक किया गया और उन्हें अपने घरों से लाई गई प्लास्टिक बोतलों के पर्यावरण हितैषी उपयोग बताए गए। रेलवे अधिकारियों की निगरानी में स्टेशन स्टाफ और स्वच्छता कर्मियों द्वारा व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें आम जनता ने भी सक्रिय भागीदारी दिखाई। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य केवल स्टेशन परिसरों को प्लास्टिक मुक्त बनाना नहीं है, बल्कि यात्रियों और आमजन के बीच हरित सोच को प्रोत्साहित करना भी है। आगरा मंडल जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
Jansaamna